हुंडी दलाल आशीष ने खुलासा किया, इंकम टैक्स के डर से चुप रहे ज्यादातर कारोबारी
ग्वालियर. हुंडी का पैसा क्रिकेट सट्टे पर लगाकर कारोबारियों को ठगने वाले हुंडी दलाल आशीष गुप्ता ने खुलासा किया उसने प्लानिंग से व्यापारियों का पैसा ठगा है। उसे पता था कि ज्यादातर कारोबारी ठगे जाने के बाद भी मुंह नहीं खोलेंगे क्योंकि शिकायत करने पर उन्हें भी रकम का हिसाब देना पड़ेगा। इंकम टैक्स के डर से चुप रहना उनकी भी मजबूरी होगा इसलिए वह कारोबारियों से लाखों रुपया हुंडी के नाम पर ऐंठता रहा। दलाल की साजिश खरी भी साबित हो रही है। जो कारोबारी सामने आए है उनका कहना है ठगे गए लोगों की गिनती में डाक्टर और बड़े कारोबारी शामिल है लेकिन इंकम टैक्स को क्या जवाब देंगे इसलिए चुप है।
दलाल आशीष 40 करोड़ की ठगी में गिने चुने सवालों का जवाब देकर जेल चला गया। अब उससे पैसा कैसे वापस होगा। कारोबारी वही तरीका समझने के लिए पुलिस अधिकारियों और कोतवाली थाने के चक्कर काट रहे हैं। क्योंकि पुलिस ने भरोसा दिलाया था दलाल मुंह नही खोल रहा तो गुना का सटोरिया आशीष जैन से रकम बरामद होगी। लेकिन सटोरिए आशीष ने टका जवाब दे दिया वह तो दिल्ली के सट्टा कारोबारी के लिए ५ प्रतिशत कमीशन पर काम करता है। वह कारोबारियों का 40 करोड़ रू नहीं लौटा सकता। अब पुलिस फरार सटोरिए मोनू गुप्ता और दिलीप सिंधि से रकम बरामदगी की उम्मीद जता रही है। इन दोनों यूपी और भोपाल में तलाश है।

