हनीट्रैप में फंसा होटल मालिक, युवती ने मांगे 1 करोड़ रूपये, पुलिस ने की क्रॉस FIR
ग्वालियर. एक होटल मालिक हनीट्रैप में फंस गया, 25 वर्षीय की युवती ने उससे फेसबुक पर दोस्ती की, फिर अश्लील चैट करने लगी। होटल मालिक को गलत लगा तो उसने बातचीत बन्द कर दी। युवती ने उसे मिलने के लिये बुलाया। झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 1 करोड़ रूपये की डिमांड की। डील 20 लाख रूपये में तय हो गयी। युवती ने 1 लाख रूपये मौके पर ही ले लिये। बाकी रकम 29 जनवरी को देना तय हुआ। होटल मालिक ने डील की बातचीत को रिकार्ड कर लिया। युवती ने फिर से ब्लैकमेल करने पर होटल मालिक सारे सबूतों के साथ थाने पहुंचा और शिकायत की। युवती भी थाने पहुंच गयी। उसने भी होटल मालिक पर रेप का आरो लगाया। पुलिस ने भी क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर शहर के पड़ाव निवासी मोहित गर्ग (29) होटल कारोबारी हैं। पड़ाव में ही शेल्टर नाम से उनका होटल है। इसे वह अपने पिता और चाचा के साथ मिलकर चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया, युवती की ओर से फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। इसे उन्होंने एक्सेप्ट कर लिया। एक-दो बार चैटिंग पर बात होने के बाद युवती अश्लील बातें करने लगी। गलत तरीके से बात करने पर उन्हें लगा कि युवती ठीक नहीं है। उन्होंने युवती को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद युवती ने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बात नहीं की। युवती ने किसी और लड़की के जरिए कॉल कर 28 जनवरी को इंदरगंज चौराहे पर मिलने बुलाया। वह, चाचा संजय गर्ग और चाचा के दोस्त राकेश कुशवाह के साथ 3.30 बजे मिलने पहुंचे। युवती बोली- तू बड़े व्यापारी का बेटा है। खुद भी व्यवसायी है। तुम पर दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराऊंगी। अगर बचना चाहते हो तो एक करोड़ रुपए देना होंगे। उससे वापस मिलने का कहा। दूसरे दिन दोबारा मुलाकात की। युवती ने 20 लाख रुपए में डील तय की। 1 लाख रुपए एडवांस भी लिए। इस पूरी बातचीत को उन्होंने रिकॉर्ड भी किया। इस डील में युवती से 20 लाख रुपए लेने के बाद मामला दर्ज न कराने की बात हुई।
रेप केस में गवाह है हनीट्रैप की आरोपी युवती
युवती ने होटल मालिक को यह कहकर भी धमकाया कि वह कारोबारी धर्मेंद्र भदौरिया रेप केस में गवाह है। इसीलिए पुलिस की कार्रवाई के बारे में जानती है। जून 2021 में ग्वालियर के गोला का मंदिर में कारोबारी धर्मेंद्र भदौरिया पर एक हॉस्टल गर्ल ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। धर्मेंद्र को उस समय पुलिस ने गिरफ्तार किया था और वह जेल भी गए थे। कारोबारी धर्मेंद्र भदौरिया के मामले में फरियादी झांसी के पास कहीं की रहने वाली थी। उसका कहना था कि कारोबारी ने ही उसे पढ़ाने के लिए यहां बुलाकर हॉस्टल में ठहराया और उसका शोषण किया था।

