सूरज की सतह पर उभरे स्पाट, सौर विज्ञानी ने दी चेतावनी, इन उपकरणों पर बना खतरा
नई दिल्ली. सूरज इन दिनों काफी एक्टिव है। शुक्रवार को सूर्य के चारों तरफ 11 सन स्पाट उभरे। वहीं शनिवार को इनकी संख्या 7 रही। ऐसे में बड़े सौर तूफान उठने की आशंका है। सूर्य से उठ रही ज्वालाओं पर एरीज की सोलर टेलीस्कोप से नजर बनाए हुए है। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान के पूर्व निदेशक व सौर विज्ञानी डॉ. वहाबउद्दीन ने कहा कि इन दिनों सौर गतिविधि अधिक बढ़ी हैं।
सूर्य की सक्रियता का समय
उन्होंने कहा कि सूरज में सन स्पाट बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। यह सौर चक्र में सूर्य की सक्रियता का समय है। सूर्य की सतह पर उभरे स्पाट आकार में काफी बड़े हैं। जिनमें चुंबकीय क्षेत्र बना है। इनमें एम-क्लास की बड़ी और सी-क्लास की दर्जनों ज्वालाएं निकल चुकी हैं।
ज्वाला निकलने की संभावना
सन स्पाट संख्या 3165 में चमक नजर आ रही है। जिससे एक्स-क्लास की ज्वाला निकलने की संभावना है। साथ ही भू-चुंबकीय तूफान भी निकल सकता है। आने वाले दिनों में सूरज पर सक्रियता ओर बढ़ सकती है।
सौर चक्र 12 साल का होता है
डॉ. वहाबउद्दीनन ने कहा कि यह 25वां सौर चक्र है। जो इन दिनों अधिक सक्रियता के दौर पर है। हर सौर चक्र करीब 12 साल का होता है। इसमें एक दौर में सूरज पर स्पाट उभरने का सिलसिला बना रहता है। इनसे उठने वाले भू-चुम्बकीय तूफान सेटेलाइट, हवाई सेवा, विद्युत और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए खतरा हैं। इसलिए दुनियाभर के सौर विज्ञानी इस पर नजर रखे हुए हैं।
ज्वालाएं तीन श्रेणी की होती हैं
सूरज पर उभरने वाली ज्वालाएं तीन श्रेणीयां एक्स, एम और सी हैं। एक्स क्लास की ज्वाला सबसे बड़ी, एम क्लास मध्यम और सी क्लास छोटी होती हैं।

