सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, एनकाउंटर में आतंकी संगठन अल-बद्र का चीफ ढेर
जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन अल बद्र के चीफ गनी ख्वाजा को मार गिराया है। कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने इसकी पुष्टि की। पुलिस अब भी सर्च अभियान चला रही है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में आतंकी संगठन अल बद्र का चीफ गनी ख्वाजा मारा गया और घटनस्थल से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए है, वहीं उन्होंने बताया कि तलाशी अब भी जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने बारामुला जिले के सोपोर के तुज्जर इलाके में घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी इसके बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया, सुरक्षाबलों ने फिर जवाबी कार्रवाई की।
बता दें कि धारा 370 हटाए जाने के बाद जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं में लगातार कमी आई है। गृह मंत्रालय ने लोकसभा में जानकारी दी कि इस साल फरवरी तक 15 आतंकी घटनाएं हुई जबकि सेना की जवाबी कार्रवाई में 8 आतंकी मारे गए।

