सिटीसेंटर बना असामाजिक तत्वों का अड्डा, नशा कर कार के कांच फोड़े साथ ही कारतूस भी मिला
ग्वालियर. सिटी सेंटर असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है, बदमाशों ने कल रास्ते किनारे खड़ी गाड़ी के कांच फोड़े और मौके से कारतूस भी मिला है। पुलिस ने कार मालिक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने के बजाय उसके आवेदन की जांच शुरू कर दी है।
कार के अंदर सीट पर 32 बोर का कारतूस मिला
शहर के सबसे पॉश इलाके सिटी सेंटर में शाम से लगने वाले असामाजिक तत्वों का जमावड़ा स्थानीय लोगों के लिये सिरदर्दी का कारण बना हुआ है। गोविंदपुरी और माधवनगर में एक दिन पहले हुई कारों की तोड़फोड़ के बाद सिटी सेंन्टर में ऐसी ही वारदातें दर्ज की गई है। ओहदपुर में रहने वाला गौरव गुर्जर सिटी सेंटर काम से आया था यहां आने के बाद रात 10 बजे के आसपास उसने कुबेर प्लाजा के पास अपनी आई-20 कार खड़ी की थी इसके बाद वह अपने दोस्त के साथ दूसरी कार में बैठकर निकल गया। इतने में एक्टिवा मोपेड पर सवार दो युवक आये और उन्होंने गौरव की कार का कांच पत्थर मारकर फोड़ दिया। जब गौरव वापस लौटा तो कांच फूटा देख उसका माथा ठनक गया। कार के अंदर झांका तो सीट पर एक 32 बोर का कारतूस पड़ा हुआ था। कारतूस चला हुआ नहीं था। ऐसे में आशंका है कि वह कांच फोड़ने के बाद डाला गया। पुलिस कहानी में पेंच नजर आ रहा है। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है और पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।
रेडिएंस होटल के पास शराबियों का जमघट
सिटी सेंटर के बीचो बीच बना रेडिएंस होटल शराबियों व असामाजिक तत्वों का मेन अड्डा है। यहां बना पार्किंग के मैदान में कारे शाम ढलते ही लग जाती है इसके बाद यहां शराब और सूखे नशे कर के स्थानीय गुंडे आने जाने वाली महिला व युवतियों को छेड़ते है। बीते रोज यहां दो पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई है।

