सिंधिया भोपाल के दो दिवसीय दौरे पर, मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात, मंत्रिमंडल व निगम मंडल पर चर्चा कर सकते है
भोपाल. भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को 2 दिवसीय दौरे पर भोपाल आ रहे है। वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात करेंगे और तय कार्यक्रम के अनुसार सिंधिया व सीएम के मुलाकात का वक्त करीब 1 घंटे तक का है। सिंधिया दिल्ली से सोमवार सुबह 10.30 बजे फ्लाइट से भोपाल पहुंचेंगे और कुछ स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह दोपहर 1.30 बजे सीएम शिवराज से मुलाकात करेंगे।
ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सिंधिया मंत्रिमंडल और निगम मंडल में अपने लोगों को शामिल कराने को लेकर चर्चा कर सकते है। आपको बता दें कि शिवराज सरकार में मंत्री रहे सिंधिया समर्थक 3 नेताओं को बीते उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था वहीं दो मंत्रियों ने उपचुनाव के पहले ही इस्तीफा दे दिया था।
सिंधिया समर्थक गिर्राज दंडोतिया, इमरती देवी और एंदल सिंह कंसाना के अलावा रघुराज सिंह कंसाना, रणवीर जाटव, कमलेश जाटव और मुन्नालाल गोयल भी उपचुनाव हार चुके है ऐसे में सिंधिया की कोशिश है कि निगम मंडल और संगठन में वह अपने लोगों को शामिल करा सकें इससे सरकार और संगठन में उनकी भागीदारी बनी रहेगी।

