सागरताल पर धार्मिक स्थल ताेड़े जाने से तनाव, एसपी, एडीएम सहित फाेर्स तैनात
ग्वालियर. सागरताल रोड पर धार्मिक स्थल तोड़े जाने को लेकर विवाद गर्माने लगा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए आज जब नगर निगम की टीम फिर से तुड़ाई करने पहुंची तो वहां पर फिर से तनाव की स्थिति बन गई। बजरंग दल स्थानीय निवासीए मुस्लिम संगठन सहित काफी संख्या में लोग तुड़ाई का विरोध करने के लिए जमा हो गए। उधर हंगामे की जानकारी लगते ही एसपी , एडीएम एवं आसपास के सभी थानों का पुलिस बल माैके पर पहुंच गया।
सागरताल रोड पर जिला प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण में बाधक बन रहे धार्मिक स्थलों को सोमवार को हटाया था। अलग-अलग समुदायों के यह धार्मिक स्थल थे, जिसमें पहले ही प्रशासन ने आसपास के लोगों को समझाइश दे दी थी। सभी की सहमति के बाद कार्रवाई शुरू की गई। यह एक बीघा जमीन है, जो सागरताल के ठीक सामने है। जमीन का बाजार मूल्य प्रशासन ने लगभग दस करोड़ रुपये बताया है। दोपहर में कार्रवाई के बाद शाम को दो समुदायों के लोग मौके पर आ गए और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम, सीएसपी सहित 50 से ज्यादा का फोर्स मौके पर पहुंच गया। समुदाय के लोग एक दूसरे के धार्मिक स्थलों का ज्यादा कम हिस्सा तोड़ने पर आपत्ति कर रहे थे। समझाइश के बाद सभी शांत हो गए थे। इसी बीच बीते रोज फिर से स्थानीय निवासियों ने विरोध करना शुरू कर दिया, साथ ही कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। आज जब नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारी फिर से तुड़ाई करने पहुंचे तो यहां तमाम धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद हालात को संभालने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

