सांसद का वेतन और विधायक की पेंशन ले रहे दिग्विजय और केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, हाईकोर्ट में लगी याचिका
भोपाल. जब पूरे देश में कर्मचारी से लेकर सुप्रीम कोर्ट के जज तक को केवल एक ही पेंशन मिलती है लेकिन यह नियम सांसद और विधायक पर लागू नहीं होता है ऐसे में अगर कोई एक बार विधायक बन जाये और उसके बाद सांसद बने तो उसके विधायक की पेंशन के साथ-साथ लोकसभा सांसद का वेतन और भत्ता मिलता है। मप्र के दिग्गज नेताओं जैसे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केन्द्रीय मंत्री थावरचन्द गहलोत और विक्रम वर्मा को भी तरह सांसद का वेतन और विधायक की पेंशन ले रहे है। इस बात की जानकारी याचिकाकर्ता अधिवक्ता पूर्वा जैन ने इन्दौर हाईकोर्ट में दायर याचिका में बताया हैं।
पेंशन-वेतन निर्धारण के लिये बोर्ड बनाने की मांग
याचिकाकर्त्ता पूर्वा जैन ने मांग की है कि सांसद विधायकों के वेतन -पेंशन निर्धारण के लिये सरकार को निर्देशित करें। इसके लिये कमेटी या बोर्ड बनाया जाना चाहिये, जिसके पास देश के हर विधायक और सांसद का पूरा रिकॉर्ड हो ताकि वह देश में कहीं पर भी वेतन या एक से अधिक पेंशन का लाभ नहीं ले सकें।
याचिकाकर्त्ता ने बतायाहैकि एक तरफ देश में इतनी गरीबी है और दूसरी ओर आर्थिक हालात खराब है। फिर भी माननीयों द्वारा एक से अधिक पेंशन का लाभ लिया जा रहा है। वहीं, टैक्स पेयर अपनी गाढ़ी कमाई से समय पर टैक्स भर रहे हैं। वहीं हमारे रूपये करोड़पति माननीय ले रहे हैं। उन्होंने कहा है कि विधायक का वेतन भत्ता मप्र में 1 लाख 10 हजार रूपये हैं और साथ ही विधायक की पेंशन 35 हजार हैं। जबकि सांसद की पेंशन 25 हजार है। इसी तरह सांसद का वेतन ढाई लाख रूपये हैं। अब एक विधायक जब सांसद बन गया तो उसने विधायक की पेंशन का भी लाभ लिया। वहीं, जब सांसद विधायक बन गया तो उसने सांसद की भी पेंशन का लाभ लिया और वर्तमान में देशभर में कई सांसद और विधायक 2 पेंशन का लाभ ले रहे हैं।
यह माननीय ले रहे हैं सांसद का वेतन और विधायक की पेंशन
पूर्वा जैन नेबताया कि मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूर्व एवं अब राज्यसभा के सांसद हैं। जिनको सांसद का वेतन और विधायक की पेंशन मिल रही है। ठीक इसी प्रकार से केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, खण्डवा के सांसद नंदकुमार चौहान, पूर्व सांसद सत्यनारायण जटिया, सज्जन सिंह वर्मा, विक्रम वर्मा, प्रेमचंद गुड्डू और कांतिलाल भूरिया को भी सांसद का वेतन और विधायक की पेंशन मिल रही है।

