समारोह के पहले दिन निकलेगी कलश यात्रा और संत घोड़ों और ऊंटों पर सवार होकर निकलेंगे
ग्वालियर. डबरा में 10 फरवरी से आयोजित होने वाले नवगृह शक्ति पीठ के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर बैठकों का जोर चल रहा है। आयोजन के पहले दिन 10 फरवरी को कलश यात्रा निकाली जायेगी। जिसमें हाथी, ऊंट और घोड़ों पर सवार होकर बद्रीश महाराज, अनिरू द्धवन महाराज और अन्य संत चलेंगे। इसके साथ ही काफी संख्या में महिलायें सिर पर कलश रखकर चलेंगी। 10 दिवसीय आयोजन के बीच पंडित प्रदीप मिश्रा, बागेश्वर धाम के धीरेन्द्र शास्त्री, कवि एवं साहित्यकार डॉ. कुमार विश्वास आयेंगे। रासलीला और अन्य सांस्कृतिक आयोजन के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान किये जायेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है।
आयोजन स्थल के 500 मीटर तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा, साथ ही बाहर से आने वालों लोगों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। शनिवार को आयोजन समिति एवं पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी जानकारियां दी। आयोजन के दौरान काफी संख्या में बाहर से श्रद्धालु आएंगे। शहर सुंदर और साफ सुथरा दिखे इसलिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर में साफ-सफाई करानी शुरु कर दी है साथ ही डिवाइडरों का रंगरोंगन किया जा रहा है। दतिया, ग्वालियर, चीनौर, भितरवार से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है।

