संतुष्टि के साथ कराएँ सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण – कलेक्टर
निराकरण की स्थिति ठीक न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश
ग्वालियर – आवेदक की संतुष्टि के साथ सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण कराएँ। कार्यालय प्रमुख अधीनस्थ कर्मचारियों पर निर्भर न रहकर सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को स्वयं देखें और संतुष्टि के साथ निराकरण कराएँ। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने अंतर विभागीय समन्वय बैठक में सीएम हैल्पलाइन की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने हर बार की तरह मीटिंग से शिकायतकर्ताओं को फोन लगवाकर निराकरण की स्थिति जानी।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग की शिकायतों के निराकरण की स्थिति ठीक न पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा जल संसाधन संभाग ग्वालियर व डबरा के कार्यपालन यंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई के लिये प्रमुख सचिव को प्रस्ताव भेजा जायेगा। शिकायतों विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
सभी कार्यालय प्रमुख ई-ऑफिस प्रणाली अपनाएँ
राज्य शासन के निर्देशों के तहत अब सभी शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस कार्यप्रणाली लागू करना अनिवार्य है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों के अधिकारियों व कर्मचारियों की शासकीय ईमेल आईडी बनवाएँ। साथ ही एनआईसी का सहयोग लेकर EMD फाइल बनाने का काम भी जल्द से जल्द कर लें। बैठक में जानकारी दी गई कि ई-ऑफिस के क्रियान्वयन एवं संचालन के लिए एनआईसी द्वारा 13 व 14 फरवरी को अधिकारियो व कर्मचारियों का प्रशिक्षण रखा गया है।

