श्योपुर में जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे बंद, पुलिया टूटी
भोपाल. मध्य प्रदेश में भारी बारिश से कई जिलों में आढ आ गई है। श्योपुर को माधोपुर से जोडने वाला नेशनल हाईवे-552 पर रणथंभोर नेशनल पार्क क्षेत्र में पुलिस टूट गई जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। श्योपुर से जयपुर, दिल्ली, टोंक, दोसा की ओर से जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।

श्योपुर में सीप नदी उफान पर है। यहां मानपुर में सरकारी अस्पताल में पानी भर जाने के कारण 12 मरीज फंस गए। एसडीईआरएफ की टीम ने सभी को निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। गुना में 24 घंटे में 12.92 इंच बारिश हो गई। यहां कलोरा बांध की वेस्ट बीयर 15 फीट तक टूट गई है। पूरा डैम टूटने की आशंका है। इससे आसपास के गांवों के जलमग्न होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एनडीआरएफ और सेना को बुला लिया है।
नर्मदापुरम में सोहागपुर के ग्राम सांकला में नर्मदा किनारे बसे गांव के 7 मकानों में पानी भर गया। परिवारों ने सामान ट्रॉलियों में रखवा दिया है। विदिशा में बेतवा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। भोपाल रोड रंगई स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर तक पानी पहुंच गया है। नदी किनारे मंदिर आधे डूब गए हैं। भोपाल, नर्मदापुरम और अशोकनगर में लगातार बारिश के चलते स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
शिवपुरी में कोलारस के पचावली गांव में बस में सवार होकर स्कूल से घर लौट रहे 30 बच्चे बाढ़ में फंस गए, जिसके बाद सभी को पचावली सरपंच के घर रुकवाया गया। बच्चे मंगलवार से यहीं हैं और अपने घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं। कोलारस के संगेश्वर गांव में लोग छत पर टेंट लगाकर रह रहे हैं। सीएम मोहन यादव ने होमगार्ड मुख्यालय में अधिकारियों से चर्चा की। अति भारी बारिश वाले जिलों के कलेक्टरों से जानकारी ली और प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

