शहर में पैदल घूमीं प्रियदर्शनी राजे, जीता दिल
ग्वालियर. सिंधिया घराने की महारानी व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने शनिवार सुबह पैदल शहर की सड़कों पर घूमकर शहर का मिजाज समझा है। वह सड़क पर निकली तो लोगों का दिल भी जीत लिया। असल में वह सैर करती हुईं कैंसर हिल पर पहुंची, यहां लोगों से बातचीत की और अपने दिल की बात कही कि उनको इस रोड का यह नाम (कैंसर हिल) अच्छा नहीं लगता। यह नाम बहुत दर्द देता है। उनका सुझाव था कि यहां को लोगों के मत से इस पहाड़ी और रास्ते का नाम बदल जाए। बाद में संजीवनी हिल नाम भी बताया। यह पहला मौका है जब सिंधिया राज घराने की कोई महारानी इस तरह सड़क पर पैदल आम इंसान की तरह घूमते हुए नजर आईं। अब राजनीतिक विशेषज्ञ इसे ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा की जमीन को मजबूत करने की पहल मान रहे हैं।
2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू
यह बात तो तय है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के मिशन 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रियदर्शनी राजे कैंसर पहाड़िया पर सुबह-सुबह महल से वॉक करते हुए पहुंची। लोगों के बीच सामान्य रूप से बैठकर कैंसर पहाड़िया का नाम बदलने को लेकर चर्चा की। लगभग 3 घंटे तक लोगों के बीच बैठकर प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने बातें की लोगों का हाल-चाल जाना। कैंसर पहाड़ी के नामकरण को लेकर पर्ची पर नाम कलेक्ट किए, लोगों से राय मशवरे के बाद कैंसर पहाड़ी का नाम शीतला संजीवनी हिल्स सहित दो अन्य नामों पर मंथन हुआ, इस दौरान प्रियदर्शनी राजे सिंधिया का सहज सरल और अलग अंदाज भी देखने को मिला।
मंगोड़े-पकोड़े का लुफ्त लिया, सेल्फी भी ली
सुबह की सैर के दौरान प्रियदर्शनी राजे ने लोगो के बीच पहुंचकर मंगोड़े-पकोड़ों का लुफ्त भी उठाया है। इतना ही नहीं पकौड़े बांटने वाली टीम के साथ अपने मोबाइल से सेल्फी भी ली। महारानी से चर्चा के बाद लोगों ने उनके इस कदम को सराहा है। केन्द्रीय मंत्री की पत्नी व सिंधिया राजघराने की बहू ने सड़कों पर निकलकर आम लोगों का दिल जीत लिया।

