वक्फ बिल पर जेपीसी की बैठक में भाजपा और टीएमसी सांसदों के बीच तीखी झड़प, हाथ में 4 टांके

नई दिल्ली. वक्फ बिल को लेकर संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की बैठक में तृणमूल कांग्रेस नेता कल्याण बनर्जी और भाजपा सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय के बीच झड़प हो गयी। इस झड़प् में कल्याण बनर्जी चोटिल हो गये हैं।
जेपीसी की बैठक में दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी झड़प् के दौरान कल्याण बनर्जी ने कांच की पानी की बोतल फोड़ दी। जिससे उनके हाथ में चोट लगने की वजह से 4 कांटे भी लगे है। इस झड़प् की वजह से बैठक को थोड़ी देर के लिये रोक दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कल्याण बनर्जी ने अचानक से बोतल उठाई और मेज पर फोड़ दी। इससे उन्हें स्वयं चोट लग गयी।

कल्याण अचानक उठकर बोलने लगे तो भाजपा सांसद ने टोका
संसद में मंगलवार को भाजपा के जगदंबिका पाल की अध्यक्षता वाली समिति रिटायर्ड जजों और वकीलों की एक टीम के विचार सुन रही थी। इसी दौरान विपक्षी सदस्यों ने सवाल किया कि विधेयक में उनकी क्या हिस्सेदारी है। कल्याण बनर्जी अपनी बारी से पहले बोलना चाहते थे। वे पहले ही तीन बार बोल चुके थे और फिर से मौका चाहते थे। लेकिन भाजपा सांसद ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। दोनों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कल्याण के इस तरह से हस्तक्षेप करने पर BJP सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय ने उन्हें टोका। इस पर कल्याण ने अचानक बोतल उठाई और पटक दी, जिससे कांच उनके ही हाथ में लग गया। इसके बाद उन्होंने टूटी बोतल चेयरमैन की ओर फेंकी।

