रात में कचरा फेंका तो होगा जुर्माना, गंदगी फैलाने वालों से वसूले 21 हजार
ग्वालियर. नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारियों ने अब रात्रिकालीन औचक निरीक्षण शुरू कर दिए हैं। निगम अमले को शिकायतें मिल रही थीं कि रात के समय लोग अंधेरे का फायदा उठाकर सड़कों पर कचरा फेंक देते हैं। ये हाल सिर्फ गली-मोहल्लों या कालोनियों का नहीं, बल्कि शहर के मुख्य बाजारों को भी है। इसको देखते हुए बाजारों में औचक निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वाले लोगों से 21 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म कुमार पमनानी, श्रीकृष्ण शर्मा एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अशोक खरे द्वारा क्षेत्रीय वार्ड 35 में रात्रि कालीन सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान व्यवसायिक क्षेत्र राम मंदिर चौराहा एवं फालका बाजार में दुकानदारों पर दो हजार रुपए का जुर्माना किया गया। वार्ड 50 में खंडेलवाल स्वीट्स, कौरव स्वीट्स व छोले-भटूरे वाले के यहां गंदगी मिलने पर तीन हजार रुपए, वार्ड 42 मोर बाजार में महाकाल फास्ट फूड पर 500 रुपए, दौलतगंज में मुकेश कुशवाह द्वारा गंदगी फैलाने पर 500 रूपए, वार्ड 34 फालका बाजार में बेस्ट नमकीन पर एक हजार रुपए, वार्ड 41 चावड़ी बाजार निवासी आशीष पर गंदगी फैलाने पर सात हजार रूपए जुर्माना किया गया। यहां पुरुषोत्तम इंटरप्राइजेज पर सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे गिलास, चम्मच, थर्माकोल कटोरी आदि जब्त कर पांच हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।

