मुरैना से लापता तीन लड़कियां, ग्वालियर के रेड लाइट एरिया बदनापुरा में मुरैना पुलिस की दबिश
ग्वालियर. मुरैना के सिटी कोतवाली इलाके में एक आश्रम से 3 लड़कियों के गायब होने से सनसनी फेल गई है। लड़कियों की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर मुरैना पुलिस की एक टीम ने ग्वालियर के रेड लाइट एरिया बदनापुरा में दबिश देकर छानबीन की है। मुरैना पुलिस को आशंका है कि बदनापुरा में लड़कियां हो सकती है, क्योंकि एक लड़की के फोन की लोकेशन यहीं की मिली थी। मुरैना पुलिस बदनापुरा पहुंची तो यहां गांव के लोगों ने विरोध कर पथराव कर दिया। मुरैना पुलिस फिर ग्वालियर पुलिस की मदद से फोर्स के साथ वापस पहुंची तो गांव के लोगों के कसबल ढीले पड़ गए। इसके बाद मुरैना पुलिस ने कुछ संदिग्ध घरों में लड़कियों की तलाश की है। हालांकि उनका कुछ पता नहीं चला है। पर मुरैना पुलिस ग्वालियर पुलिस को नजर रखने के लिए कह गई है। बदनापुरा पहले भी लड़कियों की खरीद फरोख्त के मामले में बदनाम रहा है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के पड़ोसी शहर मुरैना के सिटी कोतवाली इलाका स्थित ज्ञानेश्वरी आश्रम में रह रहीं तीन लड़कियां सोमवार दोपहर अचानक गायब हो गईं। लड़कियों के गायब होने का पता चलते ही आश्रम प्रबंधन ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की तो एक लापता का मोबाइल ऑन मिला। मोबाइल की लोकेशन मुरैना-ग्वालियर के बॉर्डर पर बसे बदनापुरा गांव के पास मिली। बदनापुरा की लोकेशन आते ही मुरैना पुलिस अलर्ट हो गई। यह ग्वालियर का बदनाम गांव हैं। यहां पहले भी बाहर की लड़कियों और लापता लड़कियों की खरीद फरोख्त के केस सामने आ चुके हैं। यहां बेड़िया समाज के लोग रहते हैं। गांव में जब भी पुलिस जाती है तो विरोध का सामना करना पड़ता है। कई बार पथराव भी किया जाता है। मुरैना के सिटी कोतवाली थाना पुलिस की एक टीम मंगलवार को ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना स्थित बदनापुरा गांव पहुंची। मुरैना पुलिस ने जैसे ही गांव के एन्ट्री गेट पर कदम रखा तो विरोध का सामना करना पड़ा। वहां लोगों ने पथराव कर मुरैना पुलिस की टीम को खदेड़ दिया। खदेड़े जाने के बाद मुरैना पुलिस ने ग्वालियर पुरानी छावनी पुलिस से मदद मांगी और पूरे मामले से अवगत कराया। जिसके बाद फोर्स के साथ ग्वालियर पुलिस के साथ वापस बदनापुरा लौटी और छानबीन की। पर पुलिस को बच्चियां नहीं मिलीं हैं,जबकि पुलिस को यहां की लोकेशन मिली थी।

