माधवराव सिंधिया की 76वीं जयंती पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पुष्पांजलि अर्पित की, भजन संध्या भी हुई
ग्वालियर. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया के 76वें जन्मदिन पर 10 मार्च को भजन संध्या का आयोजन किया गया। अम्मा महाराज की छत्री स्थित समाधि स्थल पर भजन संध्या हुई जिसमें कई भजन गायकों ने अपने भजनों की प्रस्तुति दी। शाम 7.30 बजे से देर रात तक भजन गाए गए। चिट्ठी न को कोई संदेश, जाने वो कौन सा देश जहां तुम चले गए गजल की प्रस्तुति भाजन गायक राजेंद्र पारख ने दी। जिसे सुनते ही छत्री का माहौल गमगीन हो गया और सभी ने स्व. माधवराव सिंधिया को याद कर उनकी कमी का जिक्र किया।
राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर आदि ने कार्यक्रम में धर्मगुरूओं को सम्मानित करने की परंपरा निभाई। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्यृम्न सिंह तोमर, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, भाजपा नेता सुरेश सिंह चच्चू एवं संजय परमार, केसी सिंह राजपूत, नवीन परांडे, चैंबर के मानसेवी सचिव प्रवीण अग्रवाल, मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, संभागायुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, स्मार्ट सिटी सीईओ जयती सिंह आदि प्रशसनिक अधिकारी मौजूद रहे। छत्री में हुए कार्यक्रम में शामिल होने न केवल ग्वालियर बल्कि मुरैना समेत अन्य जिलों के भाजपा नेता भी पहुंचे।

