महिला पुलिस अफसरों ने संभाली CM की सिक्योरिटी, शहर का पूरा ट्रैफिक मैनेजमेंट किया
भोपाल. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के एक दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा का पूरा जिम्मा महिला पुलिस अफसरों ने संभाला। सुरक्षा का प्रबंधन एसीपी क्राइम ब्रांच बिट्टू शर्मा के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने किया। आम तौर पर यह जिम्मेदारी 8 मार्च को महिला दिवस पर दी जाती है। इस बार 8 मार्च को होली होने के कारण मंगलवार को ही सीएम की सुरक्षा की बागडोर महिला अफसरों को सौंपी गई।
पायलट कार की कमान साइबर सेल की निरीक्षक रेणु मुराब ने संभाली
एसीपी शर्मा मुख्यमंत्री के काफिले की प्रभारी थीं। रिजर्व निरीक्षक इरशाद अली मुख्यमंत्री का सरकारी वाहन चल रही थीं। पायलट कार की कमान साइबर सेल की निरीक्षक रेणु मुराब ने संभाली। निरीक्षक अर्चना तिवारी ने वीआईपी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम ने भी मुख्यमंत्री को विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा मुहैया कराई। इन महिला पुलिस अफसरों से बात की।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: सीएम शिवराज
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- मुझे बहनों की योग्यता पर हमें पूरा विश्वास है। वह सुरक्षा जैसे काम भी पूरी जिम्मेदारी एवं साहस के साथ कर सकती हैं। इसलिए आज निजी स्टाफ,वाहन चालक,सुरक्षा और फोटोग्राफर के रूप में आज मेरे साथ केवल बहनें दिनभर साथ रहेंगी। यह अपने आप में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।

