महिला डॉक्टर से की गयी ठगी, बिना लिंक के डॉक्टर के खाते से निकल गये 3.84 लाख रूपये
ग्वालियर. एक महिला डॉक्टर के एकाउंट से अचानक 3.84 लाख रूपये निकालने का मामला सामने आया है। डॉक्टर के पास न तो कोई लिंक आया और न ही किसी तरह का कॉल आया है। इनके मोबाइल में सिर्फ 2 मैसेज आये। जिनमें एक मैसेज में 1 लाख रूपये डिपॉजिट करने का और दूसरे मैसे में 3.84 लाख रूपये निकाले जाने की सूचना थी।
घटना 13 मार्च की शाम गोविंदपुरी की है। डॉक्टर द्वारा मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में की गयी है। पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू कर दी और साथ ही डॉक्टर के खाते में जिस अकाउंट में रूपये ट्रांसफर हुए है उसे होल्ड करा दिया गया है।
क्या है मामला
शहर के गोविंदपुरी निवासी डॉक्टर वीणा ने क्राइम ब्रांच में शिकायत की है कि वह 13 मार्च की शाम को घर पर थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक मैसेज आया। इसमें उनके खाते में 1 लाख रुपए क्रेडिट होने की सूचना थी। उन्होंने सोचा कि मार्च का महीना चल रहा है। इस दौरान बैंक की विभिन्न एफडी का ब्याज आता है, वहां से कुछ आया होगा। इसके कुछ देर बात ही दूसरा मैसेज आया कि उनके खाते से 3.84 लाख रुपए डेबिट हो गए हैं। डॉक्टर वीणा ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वह बैंक पहुंची। लेकिन उन्हें यहां कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद होली का त्योहार था, इसलिए शिकायत नहीं हो पाई। होली के बाद वह पुलिस अफसरों से मिली और क्राइम ब्रांच में शिकायत की।
दिल्ली के अकाउंट में पहुंचे रूपये
पुलिस जांच में बैंक से जानकारी निकालने पर डॉक्टर के रूपये दिल्ली में सुनील मेटल नामक खाते में ट्रांसफर होने का पता चला और इसके बाद इस खाते को होल्ड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। मामले की प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी।

