मप्र में 31 मई तक कोई छूट नहीं, जून में करेंगे विचार- सीएम शिवराज सिंह
उज्जैन. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में अभी 31 मई तक कोरोना कर्फ्यू में कोई छूट नहीं दी जाएगी। शादी विवाह पर प्रतिबंध जारी रहेंगे और हम जून में छूट के बारे में विचार करेंगे। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में 1 जून से लॉकडाउन, कोरोना कर्फ्यू व जनता कर्फ्यू में शर्तों के साथ छूट दी जा सकती है। जिला आपदा प्रबंधन समिति की सिफारिशों और कोरोना के मामलों को देखते हुए ही छूटी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आज उज्जैन संभाग के जिला, विकासखंड, ग्राम स्तरीय क्राइसिस मैनजमेंट ग्रुप तथा आमजन को संबोधन में यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि किल कोरोना अभियान चलता रहेगा और ये इसलिये है कि घर-घर जाकर लोगों की जांच कर हम उनका इलाज कर सकें और उन्हें दवाई दे सकें। इसे हमें लगातार लरना पड़ेगा ताकि कोरोना न बढ़े। वहीं सीएम ने उज्जैन में मेडिकल कॉलेज आरंभ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके-सबे सहयोग से हम मध्य प्रदेश में कोरोना को नियंत्रित करने में सफल हुए है और अब हम सबको 31 मई तक अपने गांव और वॉर्ड को कोरोना मुक्त बनाने का संकल्प लेना है। सीएम ने आगे कहा कि उज्जैन संभाग के सभी जिले संकल्प लें कि 31 मई तक कोरोना को पूरी तरह से खत्म कर देना है। कोरोना के मामलों को जीरो कर देंगे और सभी फैसला लें कि 31 मई तक कोई ढिलाई नहीं। आज से 11 दिन हे अगर हम जी जान से जुट गये तो कोरोना को पूरी तरह खत्म कर के छोड़ेंगे।

