मप्र में लोकायुक्त पर बवाल, कमलनाथ ने कहा असली लोकायुक्त बनाएंगे, गृहमंत्री का दावा लोकायुक्त ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार की रिपोर्ट गवर्नर को भेजी
भोपाल. मध्य प्रदेश उपचुनाव में लोकायुक्त की एंट्री हो गई है, पूर्व सीएम कमलनाथ ने पृथ्वीपुर में चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस की सरकार आई तो असली लोकायुक्त बनाएंगे इसके बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि कमलनाथ ने यह बयान इसलिए दिया है क्योंकि लोकायुक्त ने कमलनाथ सरकार के खिलाफ राज्यपाल को रिपोर्ट भेजी है। इसमें उनके 15 महीने के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का विवरण है।
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि दतिया में कमलनाथ सरकार कार्यकाल में 15 महीने में 5 कलेक्टर बदल दिए गए। इसकी जांच भी लोकायुक्त ने की। इसमें भी कई अनियमितताएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ बौखला गए हैं। लोकायुक्त के खिलाफ अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं। कमलनाथ और कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं रहा। लोकायुक्त जैसी विधिक प्रक्रिया से स्थापित संस्था के खिलाफ टिप्पणी आपत्तिजनक है।
बीजेपी ने निर्वाचन आयोग से शिकायत
इस बयान पर बीजेपी ने सोमवार देर शाम निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। बीजेपी चुनाव प्रबंधन समिति के समन्यक एवं नगरीय विकास व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कमलनाथ का बयान आचार संहिता का उल्लंघन है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं। चुनावी सभाओं में अधिकारी-कर्मचारियों को देख लेने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग से इस पर कार्रवाई की मांग की है।

