भोपाल, सीहोर, धार, रतलाम, नरसिंहपुर में 5 नए इंडस्ट्रियल एरिया बनेंगे
भोपाल. मंगलवार को कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में तीर्थ दर्शन योजना पर सहमति बनी कि 18 और 19 अप्रैल में अलग-अलग ट्रेन में अलग-अलग मंत्री जाएंगे। पहले सभी एक ही ट्रेन में जाने वाले थे अब सब अपनी सुविधानुसार जा सकेंगे। बैठक में सीएम शिवराज ने कहा कि हाल में सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी द्वारा जारी रिपोर्ट में मध्य प्रदेश में 1.4 प्रतिशत बेरोजगारी की दर दर्ज हुई है जो अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत क्षेत्रीय ग्रामीण विकास बैंक के लिए अंश पूंजी और राज्यांश की हिस्सेदारी देने का फैसला लिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 1172 शाखाएं संचालित हैं। मध्य प्रदेश के पांच नए इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना को मंजूरी मिली है। यह इंडस्ट्रियल एरिया भोपाल के बैरसिया, सीहोर के आष्टा, धार के तिलगारा, मेगा औद्यागिक पार्क रतलाम और नरसिंहपुर में डेवलप होंगे। इसमें 32 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश होने की संभावना है और 38 हजार 450 लोगों को रोजगार मिलेगा। देश के सबसे बड़े मेडिकल डिवाइस पार्क को मंजूरी मिली है। यह उज्जैन के विक्रमपुरी क्षेत्र में 360 एकड़ में बनेगा। 40 हजार करोड़ रुपए का निवेश आने की संभावना है। बैठक में रामनवमी को वृहद स्तर पर मनाए जाने का संकल्प लिया गया। प्रदेश के सभी प्रमुख राम मंदिरों में उत्साह से रामनवमी मनाई जाएगी। चित्रकूट और ओरछा में रामनवमी के मुख्य कार्यक्रम किए जाएंगे।

