भोपाल में अग्निवीर सेना भर्ती रैली में पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थी
भोपाल. राजधानी में अग्निवीर सेना भर्ती रैली में बुधवार को फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़ाने का मामला सामने आया है। दरअसल सेना के अधिकारी भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेज का परीक्षण कर रहे थे, तब ही आधार सत्यापन के दौरान कुछ फर्जी अभ्यर्थियों के रैली में शामिल होने का खुलासा हुआ है। इस दौरान लगभग 15 अभ्यार्थी ऐसे पकड़े गए, जिनके दस्तावेज फर्जी निकले। इनको लेकर सेना के अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मोतीलाल नेहरू स्टेडियम, लाल परेड मैदान भोपाल में अग्निवीर सैनिकों की भर्ती रैली प्रक्रिया 26 अक्टूबर से जारी है। जो कि सात नवंबर तक चलेगी, इसमें भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा जिले के लगभग 44 हजार युवाओं को बुलाया गया है। इनके अलावा अन्य किसी भी जिले के युवा को भर्ती के लिए पात्रता नहीं है। इसी वजह से सेना के अधिकारियों द्वारा भर्ती में आने वाले सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है, जिससे कि उक्त जिलों के युवाओं को ही मौका मिले। मंगलवार-बुधवार को हुई भर्ती परीक्षा में लगभग 15 ऐसे अभ्यर्थियों को सेना के अधिकारियों ने पकड़ा है, जो कि इन जिलों के नहीं हैं बल्कि उत्तरप्रदेश और रीवा के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह सभी युवा रात को भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो गए थे। यह सभी शारीरिक परीक्षा में पास हो गए थे, इसके बाद इनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा था, जिसमें थंब इंप्रेशन से आधार का सत्यापन किया गया तो इनके मूल निवासी प्रमाण पत्र, मार्कशीट सहित अन्य दस्तावेज फर्जी होना पता चले। इससे सेना के अधिकारियों ने इन सभी अभ्यर्थियों को संदेह के आधार पर पकड़ लिया और मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ही इनके दस्तावेजों की जांच शुरू की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये अभ्यर्थी उत्तरप्रदेश और रीवा के होना बताया जा रहा है। सेना के अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

