Newsराजनीतिराज्य

भाई को बहन के जेठ ने मारी गोली, पीछे नहीं हटते तो सीने में लगती गोली

ग्वालियर. मुरार में बहन की ससुराल आये युवक को बहन के जेठ व ससुर ने गोली मार दी। वक्त रहते युवक पीछे हट गया और गोली सीने में न लगते हुए हाथ में लगी। घायल अपनी बहन की मारपीट पर बात करने उसकी ससुराल पहुंचा था। घटना सोमवार की देर रात की है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हमलावर घटनास्थल से फरार हो गये थे। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों को पुलिस ने रात का ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
क्या है घटनाक्रम
भिडं के मौ निवासी 22 वर्षीय ज्वाला प्रसाद पुत्र पंचम सिंह की बहन रचना की शादी मुरार के खुरैरी स्थित बुद्ध नगर में हुई है। सोमवार को रचना के जेठ मानसिंह ने रचना की मारपीट कर दी थी। मारपीट से दुखी रचना ने इसकी जानकारी अपने भाई ज्वाला को दी, तो वह छोटे भाई के साथ बातचीत करने के लिए रचना की ससुराल आया था। गेट बंद था तो उसने बाहर से आवाज लगाई। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उसने फिर से आवाज लगाई। इस पर उसकी बहन का जेठ मानसिंह और ससुर बृजेन्द्र छत पर आए और गाली गलौज करने लगे। जब ज्वाला ने गाली गलौज का विरोध किया तो मानसिंह और बृजेन्द्र ने अधिया निकाली और उसे जान से मारने के लिए फायर कर दिया। समय रहते ज्वाला पीछे की तरफ हट गया जिससे गोली उसके सीने की जगह हाथ में लगी।
भागने से पहले ही पकड़े हमलावर
घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर दी। जिससे हमलावर भाग न सकें। इसके बाद पुलिस ने उनके संभावित स्थानों पर दबिश दी तो दोनों आरोपी पकड़ में आ गए हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना
इस मामले में मुरार थाना प्रभारी मदन मोहन मालवीय ने साले को गोली मारने वाले आरोपी और उसके पिता को पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *