बाड़े से हटे हॉकर्स आसानी से जा रहे लोग, अब ई-रिक्शा और ऑटो की संख्या तय होना जरूरी
ग्वालियर. महाराज बाड़े की व्यवस्थाओं में सुधार दिखाई देने लगा है। यहां से हॉकर्स को हटा दिया गया है। इससे बाजार में प्रवेश के रास्ते साफ हो गए हैं, लेकिन ई-रिक्शा और ऑटो की संख्या तय न होने के कारण ट्रैफिक की बाधा अब भी बनी हुई हैं। हालांकि यहां तैनात ट्रैफिक और पुलिस का मैदानी अमला दिनभर इन्हें खदेड़ने का काम कर रहा है। सवारी वाहनों की संख्या होने से बाड़े की बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा।
हाईकोर्ट ने चार साल पहले आदेश दिए थे
बाड़े की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए हाईकोर्ट ने चार साल पहले आदेश दिए थे, लेकिन प्रशासन ने आदेश का पालन अब कराना शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला प्रशासन और निगम के अफसरों से फोन पर चर्चा कर बाड़े की व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए थे। शनिवार को दिनभर पुलिस बल और मदाखलत अमला बाड़े पर रहा, अमले ने हॉकर्स को यहां नहीं बैठने दिया।
बाजारों में आसानी से जा रहे लोग
बाड़ा स्थित सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार आदि में पिछले दो-तीन दिन से महिलाओं को बच्चों का प्रवेश बिना किसी परेशानी के हो रहा है। इन बाजारों के प्रवेश मार्ग पूरी तरह से हॉकर्स के कब्जे में थे, यहां से निलकने वालाें को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बाड़े से हॉकर्स को हटाने और ट्रैफिक की व्यवस्था बनाने के बाद अब सभी दुकानों के बोर्ड एक जैसे कराने का काम किया जाएगा। इसके लिए निगमायुक्त किशोर कन्याल एक बार व्यापारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। अधिकांश व्यापारियों ने इस पर सहमति जताई थी। बोर्ड एक जैसे होने से बाड़े की सुंदरता बढ़ेगी।

