बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर से घर जा रही महिला का लूटा मंगलसूत्र, सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है पुलिस
ग्वालियर. शुक्रवार की रात माता पंडाल से दर्शन कर पैदल घर लौट रही महिला के साथ लूट की घटना हो गयी। बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर गले से मंगलसूत्र लूट ले गये। महिला और उसका पति कुछ समझ पाते उससे पहले बाइक सवार मौके से फरार हो गये। घटना मुरार थाना इलाके के अग्रसेन चौराहा की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने महिला की शिकायत पर बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश के लिये घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। जिससे बदमाशों की तलाश की जा सके।
क्या है घटनाक्रम
शहर के शंकर चौक नहर वाली माता निवासी प्रशिका साहू (22) की शादी मुरार तिकोनिया निवासी कुनाल साहू के साथ हुई है। प्रशिका मुरार विजयाराजे सिंधिया गर्ल्स कॉलेज से बीएससी थर्ड सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार की रात करीब 9 बजे मुरार के सौदागर संतर में माता पंडाल से दर्शन कर अपने पति के साथ मायके तिकोनिया पैदल जा रही थी। अग्रसेन चौराहा पर गिर्राजजी मंदिर की ओर से आए बाइक पर 2 नकाबपोश बदमाशों ने प्रशिका के गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र लूटकर ले गए। महिला और उसके पति कुछ समझ पाते उससे पहले ही दोनों बदमाश वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना प्रशिका के पति ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया बदमाशों का हुलिया
लूट की शिकार प्रशिका साहू ने बताया है कि दोनों बदमाश एक बिना नम्बर की मोटरसाईकिल पर सवार होकर आये थे। दोनों बदमाशों के चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए थी। मंगलसूत्र लूटने वाले बाइक सवार पीछे बदमाश ने ब्लैक कलर का पेंट, सफेद कलर की टी शर्ट और पैरों में चप्पल पहलने हुए थे। वहीं आगे बैठा बदमाश सफेद शर्ट और ब्लू कलर का पेंट पहने हुआ था। बदमाश कौन सी बाइक पर बैठकर आये थे यह नहीं देख पायी कि दोनों बदमाश की उम्र लगभग 20 से 25 साल के बीच की रही होगी।
बदमाशों को पकड़ने पुलिस की टीमें लगी
घटना की जानकारी देते हुए मुरार थाना प्रभारी मदन मोहन मालवीय ने बताया कि एक महिला से लूट की वारदात हुई है। महिला की सूचना के बाद नाकाबंदी की गई थी। फिलहाल लुटेरों का पता नहीं चला है। पुलिस की टीमें लगा दी गई है। बदमाशों की तलाश के लिए CCTV फुटेज चेक किए जा रहे हैं, जिससे उनका सुराग मिल सके।

