बाइक सवारों ने चलती महिला र्क्ल्क से लूटा मोबाइल, लूट झांसी रोड स्थित सीएनजी पम्प के सामने की है
ग्वालियर. दतिया से ड्यूटी कर वापिस ग्वालियर लोटी महिला क्लर्क से मोटरसाईकिल सवार 2 बदमाश झपट्टा मार मोबाइल लूट कर ले गये। वारदात उस वक्त हुई जब दतिया से आ रही ट्रेन झांसी रोड इलाके से आउटर पर खड़ी थी। महिला ने सोचा कि वह यहां ट्रेन से उतरकर सीधे रोड से टैक्सी लेकर घर चली जायेगी। वह ट्रेन से उतरकर पैदल चलने लगी। तभी किसी का कॉल आ गया। महिला CNG पम्प के सामने पहुंची ही थी कि तभी बाइक सवार 2 बदमाश पीछे से आये और झपट्टा मारकर मोबाइल लूट ले गये।
घटना शुक्रवार शाम 7.30 बजे की है। पुलिस ने मोबाइल चोरी का मामला दर्ज किया था। शनिवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज आने के बाद यह लूट का मामला होने का पता लगा है। अब पुलिस इसे लूट मानकर ही जांच करेगी। इससे पहले लुटेरों ने विश्ववि़द्यालय थाना इलाके के गोविंदपुरी स्थित किडीज कॉर्नर स्कूल के पास की लूट की थी।
क्या है मामला
झांसी रोड थाना प्रभारी अवधेश सिंह कुशवाह ने बताया कि शहर के माधौगंज थाना क्षेत्र के भदावर भवन हेमसिंह की परेड निवासी 28 वर्षीय महिमा भदौरिया पत्नी प्रबल प्रताप भदौरिया नगर पालिका दतिया में एलडीसी के पद पर पदस्थ हैं। रोजाना की तरह बीते रोज वह ड्यूटी कर इटावा लिंक एक्सप्रेस ट्रेन से दतिया से ग्वालियर आ रही थी। ग्वालियर पहुंचने के बाद ट्रेन स्टेशन से करीब 5 किमी पहले झांसी रोड इलाके में तपोवन के पास आउट एरिया में खड़ी थी। महिमा आउटर पर ही ट्रेन से उतरकर पैदल-पैदल टैक्सी के लिए जाने लगी। अभी वह CNG पंप के पास पहुंची ही थी कि मोबाइल पर किसी का कॉल आया। मोबाइल पर बात करते हुए वह जा रही थी। तभी पीछे से बाइक सवार 2 बदमाश आए और झपट्टा मारकर मोबाइल छीन ले गए। वारदात के बाद बदमाश भाग निकले। पीड़िता ने बदमाशों को पकड़ने के लिए शोर मचाया और पीछे भागी। लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए।
पीड़िता ने पुलिस अफसरों को बताया कि दोनों बदमाशों की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच थी। बाइक चला रहे बदमाश का रंग सांवला था और उसने पीली टी शर्ट पहनी थी। जबकि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने व्हाइट शर्ट पहनी थी। अब पुलिस CCTV कैमरे खंगाल कर लुटेरों का पता लगाने में जुटी है। बदमाशों ने 2 दिन में झपटमारी की दूसरी घटना को अंजाम दिया है। इससे पहले विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के किडीज कॉर्नर स्कूल के पास गोविन्दपुरी पर माधौगंज स्थित शितोले साहब का बाड़ा निवासी 50 वर्षीय ममता शर्मा पत्नी राकेश शर्मा से बाइक सवार 2 बदमाश पर्स छीन ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में चोरी की FIR दर्ज की है।

