बहोड़ापुर पर ट्रक ड्राइवर ने जवान पर उड़ेली खौलती सब्जी, 2 गिरफ्तार
ग्वालियर. सड़क पर खाना बना रहे दो ट्रक ड्राइवर से जब पुलिस ने सड़क से हटने के लिए कहा तो ट्रक चालक आक्रोशित हो गए। पुलिस जवान जब खुद उनका स्टोव हटाने लगे तो गुस्से मंे आए ट्रक चालक ने कड़ाई में खौलती सब्जी पुलिसकर्मी के ऊपर फेंक दी। गर्म सब्जी गिरने से जवान का चेहरा व सीना झुलस गय है। घटना रात बहोड़ापुर मोतीझील की है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जवान को अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक चालकों को हिरासत मंे ले लिया है। उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के श्रीविहार कॉलोनी निवासी उमेश उपाध्याय मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही है। अभी वह ग्वालियर पुलिस लाइन में पदस्थ है। कुछ दिन से उसकी तैनाती बहोड़ापुर थाना में है। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात वह बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में अपने साथी सैनिक गुलाब सिंह के साथ नाइट गश्त कर रहा था। अभी वह मोतीझील इलाके में पहुंचा तो उसने देखा कि सड़क पर कुछ लोग खाना बना रहे थे। पास ही दो ट्रक MP33 H-4850, RJ11 GB-4575 खड़े हुए थे। जिससे कभी भी कोई हादसा होने की संभावना थी। रात करीब 2 बजे जवान उमेश उपाध्याय ने खाना बना रहे दोनों ट्रक चालकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पुलिस जवान ट्रक स्टाफ के पास पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जवान की बात को गंभीरता से नहीं लिया और उनकी हरकत से नाराज जवान ने उनका वीडियो बनाना शुरू किया तो खाना बना रहे ट्रक ड्राइवर जवान से उलझने लगे और विवाद करने लगे। जब ट्रक ड्राइवर नहीं समझ तो जवानों ने उनका स्टोव सड़क से हटाना चाहा। इसी समय गुस्से में आकर ट्रक चालक ने स्टोव पर खौलती हुई सब्जी पुलिस जवान के ऊपर उड़ेल दी। सब्जी गिरते ही जवान चीख उठा। इसी समय वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी ने अपने थाने के बल को सूचना दी और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया है। जवान फिलहाल खतरे से बाहर है।

