फूलबाग पर चिकन शॉप के मालिक ने गार्ड को पीटा, CCTV फुटेज सामने आया
ग्वालियर. फूलबाग सेंटर पॉइंट स्थित चावला चिकन के मालिक संदीप सक्सेना के खिलाफ पुलिस ने कार बाजार के गार्ड के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से ही संदीप सक्सेना फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। यह पूरी घटना पास की दुकान में लगे CCTV कैमरे में भी कैद हो गई है। जो पुलिस ने बतौर साक्ष्य जमा कर ली है। हालांकि संचालक संदीप सक्सेना को इस बात का अहसास नहीं होगा कि उसकी करतूत CCTV में कैद हो रही है, इसलिए वह गार्ड को जाते समय धमकाते हुए कहा कि वह पुलिस में रिपोर्ट करने भूल से भी नहीं जाए।
डरा हुआ है गार्ड, नहीं करना चाहता था शिकायत
चावला चिकन शॉप के मालिक द्वारा मारपीट का शिकार हुआ गार्ड ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह कार बाजार का गार्ड है। रात नौ बजे ड्यूटी पर पहुंचा था। रात गहराने पर अलाव ताप रहा था तभी रात करीब 12 बजे संदीप सक्सेना उसके पास आया। गाली गलौज कर लात घूसों से मारपीट करने लगा। VIDEO में साफ दिख रहा है कि चिकन शॉप संचालक ने एक लात ऐसी मारी कि फरियादी किशन लाल बाथम (75) अलाव के पास जा गिरा और कुछ अंगारे उसके शरीर पर आ गिरे। गार्ड को संदीप ने लाठी से भी पीटा। मारपीट की वजह सामने नहीं आ पाई है पर यह अवश्य पता चला है कि संदीप काफी सुरूर में था। पड़ाव पुलिस को गार्ड ने बताया कि संदीप सक्सेना जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गया। अब पुलिस संदीप सक्सेना की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना
पड़ाव थाना प्रभारी विवेक आष्ठाना का कहना है कि फूलबाग के पास गार्ड की नौकरी करने वाले गार्ड को चावला चिकन शॉप के मालिक द्वारा मारपीट करने का एक VIDEO सामने आया है। गार्ड की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, आरोपी संचालक की तलाश की जा रही है जल्द उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।

