प्रीतम सिंह लोधी को BJP नोटिस जारी किया, वीडी शर्मा ने किया तलब
शिवपुरी. पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के रिश्तेदार और बीजेपी नेता प्रीतम लोधी ने ब्राह्मणों, कथावाचकों पर विवादास्पद बयान दिया है। 17 अगस्त को शिवपुरी में प्रीतम लोधी ने कहा, कथावाचक सहित पंडित आपको पागल बनाते हैं। ये लोग दक्षिणा लेकर रफू चक्कर हो जाते हैं। ये सुंदर महिलाओं का घर चुनते हैं, उनको आगे बैठाते हैं। बीजेपी नेता का ये वीडियो अब सामने आया है। हंगामा मचता देख बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रीतम लोधी को नोटिस जारी किया है। इधर, कांग्रेस इस मामले में हमलावर हो गई है। प्रीतम लोधी वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी की 191वीं जयंती पर शिवपुरी जिले के बदरवास के ग्राम खरैह में एक सम्मान समारोह में पहुंचे थे। कार्यक्रम में पंच-सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्यों और छात्रों को सम्मानित किया गया। यहां उन्होंने मंच से ब्राह्मणों के लिए कई अपमानजनक शब्द कहे। वीडियो वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज में रोष है।
प्रीतम लोधी की सफाई
जब बीजेपी नेता प्रीतम लोधी के बयानों का मूल तथ्य जानना चाहा तो उनका कहना था कि मैंने यह बात मिर्ची बाबा, आसाराम और राम-रहीम जैसे लोगों के लिए कही थी। यह वीडियो तोड़-मरोड़कर बनाया है। इसे जो लोग वायरल कर रहे हैं वो समाज में जहर घोलना चाहते हैं। ये उनका काम है, जिनके खिलाफ मैं चुनाव लड़ते आ रहा हूं। मैंने तो फर्जी लोगों से बचने के लिए कहा था, मेरे शब्द अच्छे लोगों के लिए नहीं थे।

