पुलिस की बड़ी कार्रवाई — डकैती व लूट की घटनाओं का खुलासा
लगभग 97 लाख 50 हजार रूपए की चोरी गई संपत्ति जप्त, 10 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा निरंतर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस की विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 97 लाख 50 हजार रूपए मूल्य की सामग्री जप्त कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुरैना – हाईवे पर हुई लूट की घटना का 04 दिनों में खुलासा
थाना सिविल लाइन पुलिस ने हाईवे पर हुई लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिनांक 22 जनवरी को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात्रि लगभग 03 बजे एसआरडी कॉलेज के पास एबी रोड मुरैना पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनकी अर्टिका कार को ओवरटेक कर रोककर हथियार के बल पर लगभग 19 लाख रूपए नगद लूट लिए गए। पुलिस अधीक्षक मुरैना द्वारा हाईवे पर हुई लूट की गंभीर घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र पतारसी, गिरफ्तारी एवं माल-मशरूका की बरामदगी हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया एवं घटना स्थल पर मिले भौतिक साक्ष्य एवं अन्य साक्ष्यों को एकत्रित किया गया। घटनास्थल एवं आगे के रास्ते पर लगभग 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज चैक किया गया, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
फरियादी के वाहन चालक की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई, वाहन चालक द्वारा फरियादी को अपने वाहन में बैठाते समय वाहन मालिक से मिलना एवं घटना के समय वाहन मालिक की उपस्थिति भी घटनास्थल पर पाई गई। उपरोक्त साक्ष्यों के आधार पर वाहन चालक से पूछताछ की गई तो उसके द्वारा अपने वाहन मालिक को पैसों की जानकारी देकर उक्त लूट अपने अन्य साथियों के साथ करना स्वीकार किया। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर घटना के मुख्य आरोपी सहित प्रकरण में शामिल 06 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 18 लाख 50 हजार 200 रूपए नगद, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार एवं एयर गन सहित लगभग 26 लाख रूपए की संपत्ति जब्त की है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
खंडवा – सराफा व्यापारी से हुई डकैती का पर्दाफाश
पुनासा क्षेत्र में घटित सराफा व्यापारी के साथ हुई सनसनीखेज डकैती की घटना को पुलिस ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पर्दाफाश किया है। घटना में अज्ञात बदमाशों द्वारा हथियारों के बल पर सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग लूटे गए थे तथा घटना के दौरान मारपीट एवं फायरिंग भी की गई थी। पुलिस द्वारा संगठित गिरोह की पहचान करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, नकद राशि, एक देशी पिस्टल एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 71 लाख 50 हजार रूपए की सामग्री जप्त की है ।

