पुरानी छावनी में अलाव ताप रहे युवक को बस ने कुचला, अस्पताल में हुई मौत
ग्वालियर. ड्यूटी पर जा रहा युवक सर्दी लगने पर सड़क किनारे जल रहे अलाव तापने बैठ गया इसी बीच तेज रफ्तार आ रही वीडियो कोच के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक करीब 50 फीट घसीटता चला गया और एक खंबे की चपेट में आ गया। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित सेंट बियानी स्कूल के सामने सुबह 7.30 बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया
ग्वालियर थाना क्षेत्र के लधेड़ी कटरा मोहल्ला निवासी अनिल प्रजापति पुत्र मुन्नालाल प्रजापति प्राइवेट जॉब करता था। सुबह 6 बजे वह बाइक से जॉब पर जाने के लिए निकला। वह पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के सेंट बियानी स्कूल के सामने पहुंचा तो सर्दी ज्यादा लगने पर सड़क किनारे जल रहे अलाव पर तापने बैठ गया। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रही वीडियो कोच बस के चालक ने अनिल को व उसकी बाइक को चपेट में लेकर घसीटती चली गई। करीब 50 प्रतिशत घसीटने के बाद बस खंभे से टकराकर गड्ढे में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

