पीएम मोदी 17 सितंबर को आएंगे मध्यप्रदेश
भोपाल. 73 साल पहले भारत से लुप्त हो चुके चीतों की एक बार फिर एंट्री होने जा रही है। दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया से 8 चीतों को भारत लाया जा रहा है। इन्हें श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह इस कार्यक्रम का उद्घाटन 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराना चाहते हैं। इसी दिन पीएम मोदी 72 साल के हो जाएंगे और 73वें वर्ष में प्रवेश करेंगे। यदि ऐसा हुआ तो यह पीएम मोदी को जन्म दिन पर एक बड़ा गिफ्ट होगा।
खुद समीक्षा कर रहे हैं सीएम
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चीता ट्रांसलोकेशन प्रोजेक्ट की खुद समीक्षा कर रहे हैं। फारेस्ट विभाग समेत वाइल्ड लाइफसेंचुरी के अधिकारी सही समय पर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की तैयारी में जुटे हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान चाहते हैं कि इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री करें। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भी भेजा गया है।
बन रहे हैं 5 हेलीपैड
श्योपुर में 17 सितंबर को पीएम मोदी आ सकते हैं। इसे लेकर 5 हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। दो हेलीपैड पर विदेश से आने वाले चीता लैंड होंगे, वहीं बाकी तीन हेलीपैड पर पीएम मोदी का काफिला उतरेगा। मध्यप्रदेश के भी कई मंत्री इस दिन होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

