पीएम मोदी लक्ष्मीबाई के किले से एयरफोर्स को दिए लड़ाकू हेलिकॉप्टर
झांसी. भारत सरकार ने डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भरता की तरफ कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पीएम मोदी झांसी पहुंचे और उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के किले से एयरफोर्स को लड़ाकू हेलिकॉप्टर सौंपे। पीएम मोदी ने कहा कि बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर का सारथी बनेगा। पीएम मोदी ने जो लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर एयर फोर्स को सौंपा, उसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने बनाया है। पीएम मोदी ने डीआरडीओ के डिजाइन किए गए जहाज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के बनाए गए इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट भी सेना के हवाले किए। उन्होंने सेना को भारतीय स्टार्टअप के बनाए गए ड्रोन और यूएवी भी दिए। इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रानी लक्ष्मीबाई का चित्र भेंट कर पीएम मोदी का स्वागत किया।
राजनाथ बोले ब्रह्मोस के लिए यूपी को चुना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डीआरडीओ यूपी में स्टार्टअप को भी सहयोग कर रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल को बनाने के लिए यूपी को चुना गया है। पहले 65 से 70 प्रतिशत सैन्य हथियार विदेशों से खरीदे जा रहे थे। अब 65 प्रतिशत हथियार भारत में बन रहे हैं। अब भारत 70 देशों में सैन्य हथियार निर्यात कर रहा है। यह बदलती सूरत है। विदेशी निर्भरता को खत्म किया जा रहा है।

