पाक सीमा सटे प्रदेशों में 31 मई को ऑपरेशन शील्ड, जाने क्यों टली मॉकड्रिल?
श्रीनगर. ऑपरेशन शील्ड के तहत अभी 31 मई को सीमावर्ती राज्यों जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और केन्द्र शासित राज्य चंडीगढ़ में मॉक ड्रिल कराई जायेगी। पहले यह नागरिक सुरक्षा अभ्यास 29 मई को होना था। लेकिन प्रशासनिक वजहों से इसे स्थगित कर दिया गया था। इन राज्यों में हाल ही में भारत पाकिस्तान के बीच 3 रातों तक चली जबरदस्त झड़पों के बाद यह मॉकड्रिल की जा रही है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की ओर से भारत नागरिक इलाकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनया गया था।
31 मई को सीमावर्ती राज्यों में होगी मॉकड्रिल
आपको बता दें कि इससे पहले 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर से कुछ घंटे पहले भी देशभर में मॉकड्रिल कराई गयी थी। उसी रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों के 9 ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़ा ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन शील्ड के तहत होने वाली मॉकड्रिल का मकसद सीमावर्ती राज्यों में आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की जांच करना है। इसमें एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियां शामिल होंगी।
मॉकड्रिल में कई ऐजेंसिया शामिल होंगी
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस बार मॉक ड्रिल को और व्यवस्थित और व्यावहारिक तरीके से लागू किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बता दें, ऑपरेशन शील्ड के तहत दूसरी सिविल डिफेंस एक्सरसाइज 31 मई को पांच राज्यों में आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास देश के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों, खासकर पश्चिमी सीमा पर 7 मई को हुई पहली सिविल डिफेंस एक्सरसाइज के दौरान देखी गई कमियों को दूर करने के लिए किया जा रहा है. इस दूसरी एक्सरसाइज का उद्देश्य दुश्मन के हमले की स्थिति में नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को और मजबूत करना है।

