पति ने पत्नी को 100 रूपये के लिये जिन्दा जलाया, 7 दिन तक मौत से संघर्ष करती रही अंत में हार जिन्दगी
ग्वालियर. अभी लोग पत्नी को तेजाब पिलाने का मामला लोग भूले भी नहीे थे कि अब पेट्रोल पिलाने और जिन्दा जलाकर हत्या करने का मामला सामने आ गया है। 7 दिन पूर्व पति ने सिर्फ 100 रूपये नहीं देने पर पत्नी को जबरदस्ती पेट्रोल पिलाने की कोशिश की। जब इसमें सफल नहीं हुआ तो पेट्रोल डालकर आग लगा दी। नाजुक हालत में महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। घटना सुनारों की बगिया में 19 जुलाई की रात की है। 7 दिन तक महिला जिन्दगी और मौत से लड़ती रही। इस बीच उसने पुलिस को पूरी कहानी सुनाई पर सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। आरोपी पति को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
यह है पूरा मामला
बहोड़ापुर सुनारों की बगिया निवासी 23 वर्षीय माधवी खटीक पत्नी गोविन्द खटीक को झुलसी हुई गंभीर हालत में उसकी जेठानी रतना खटीक अस्पताल लेकर पहुंची थी। यहां उसके घर में जलने की बात कही गई थी। डॉक्टर ने अपने स्तर पर इलाज शुरू करने के साथ ही पुलिस को मामले की सूचना दी थी। पुलिस ने भी अपने स्तर पर विवेचना शुरू कर दी थी। इस मामले में 21 जुलाई को उस समय नया मोड आया था जब पीड़िता ने बोलने की स्थिति में आकर अपने साथ हुई घटना का खुलासा किया था। माधवी ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि उसे उसके पति ने जिंदा जलाया था। उसने बयान में बताया था कि उसकी शादी को 4 साल ही हुए थे। उसके एक बेटी आयुषी है। पति अक्सर परेशान करता था। घटना वाले दिन पति बाहर से आया और 100 रुपए मांगने लगा। उसके पास नहीं थे और उसने देने से मना कर दिया। जब उसने रुपए नहीं दिए तो पति गाड़ी से पेट्रोल निकाल लाया और मुझे जबरदस्ती पिलाने लगा। जब उसने पेट्रोल नहीं पीया तो पति ने पेट्रोल की बोतल उस पर उड़ेल दी और माचिस से आग लगा दी। आग से जलने पर मदद की आवाज लगाई तो उसकी जेठानी रत्ना वहां पर पहुंची और आग बुझाकर उसे अस्पताल लेकर आई थी।
मरते वक्त बोली पति नहीं छोड़ना
माधवी चाहती थी कि वह जिन्दा रहें और अपनी बेटी की देखभाल कर सके लेकिन वह नहीं जानती थी कि उसकी हालत कितनी नाजुक है। 7 दिन तक उसने मौत को हराने के लिये संघर्ष किया। अंत में उसकी जीने की इच्छा कमजोर पड़ गयी और मौत उस पर हावी होती चली गयी, पर अंत समय तक वह यही कहती रही कि उसके पति को नहीं छोड़ना।
पत्नी के बयान के बाद पुलिस ने किया था गिरफ्तार
थाना बहोड़ापुर के टीआई अमरसिंह सिकरबार ने बताया कि घटना का खुलासा होने के बाद ही आरोपी गोविंद खटीक को गिरफ्तार कर लिया गया था और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया । अब महिला की मौत हो गयी है। इसलिये हत्या के प्रयास के मामले को हत्या में बदला जा रहा है।

