नरेन्द्रसिंह तोमर के बंगले पर हंगामा -खून से पत्र लिखा-छात्रों ने मांगा न्याय या इच्छा मृत्यु
ग्वालियर. मंगलवार की दोपहर में कृषि महाविद्यालय के छात्रों ने केन्द्रीय कृषिमंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के बंगले के बाहर प्रदर्शन कर हंगामा कर रहे थे। यही नही, छात्रो ने अपने खून से चिट्ठी लिखकर न्याय मांगा है। छात्रों ने चिट्ठी में लिखा है कि न्याय दो या इच्छा मृत्यु। छात्र पीईबी (प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड) द्वारा ली गयी परीक्षाओं में गड़बड़ी पर नाराज है। सूचना मिलते ही पुलिस धरनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
क्या है पूरा मामला
कृषि छात्रों की 10 और 11 फरवरी को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी व ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की परीक्षा में गड़बड़ी किए जाने के संबंध में छात्रों का प्रदर्शन 18 दिन से चल रहा है। मंगलवार को इसी कड़ी में विरोध कर रहे छात्रों ने विरोध का अनूठा तरीका निकाला है। दोपहर लगभग आधा सैकड़ा छात्र एकत्रित होकर हाथों में तख्ती बैनर लेकर रेसकोर्स रोड कृषि मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के बंगले पर पहुंच गए। यहां पहुंचकर छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों को गार्ड ने बताया कि कृषिमंत्री शहर में नहीं हैं। इसके बाद कृषि महाविद्यालय के छात्र नहीं माने और प्रदर्शन करने लगे। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए अपने खून से चिट्ठी लिखकर न्याय की मांग की है। छात्रों का कहना थाए बोर्ड द्वारा ली गई परीक्षा में गड़बड़ी हुई हैए जिससे छात्रों का भविष्य बर्बाद होने की कगार पर है। अब तो छात्रों को न्याय दिलाया जाए या इच्छा मृत्यु की इजाजत दी जाए।
पुलिस ने छात्रों को समझाया
कृषिमंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के बंगले पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस धरनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने छात्रों को कृषिमंत्री के बंगले से हटाया। पुलिस की समझाइश के बाद छात्र माने।

