दिल्ली से हवाला एजेंट गिरफ्तार, कश्मीर में आतंकियों के लिये पैसे उपलब्ध कराता था
नई दिल्ली. पुलिस की स्पेशल सेल और जम्मू कश्मीर पुलिस ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में दिल्ली के तुर्कमान गेट से एक हवाला एजेंट को गिरफ्तार किया गया है जो लश्कर और अलबद्र जैसे आतंकी संगठनों का हवाला के जरिये रकम मुहैया करवाता था। मोहम्मद यासीन नाम के इस हवाला ऑपरेटर ने कश्मीर के एक आतंकी को 10 लाख रूपये ट्रांसफर भी किय जो बाद में आतंकी गतिविधियों के लिये उपयोग किये गये थे।
ऐसा बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस को केन्द्र की एजेंसियों के जरिये जानकारी मिली थी कि मीना बाजार से कोई हवाला एजेंट काम कर रहा है। वह आतंकियों के लिये फण्ड जुटाने का काम कर रहा है। उस इनपुट के आधार पर ही एक टीम का गठन किया गया और फिर शुक्रवार को उसे तुर्कमान गेट से गिरफ्तार किया गया है।
हाल के दिनों में इस मोहम्मद यासीन को हवाला के जरिए 24 लाख रुपये भी ट्रांसफर किए गए थे. उसमें से 17 लाख रुपये तो जम्मू-कश्मीर भेज भी दिए गए. दो अलग-अलग कोरियर के जरिए उस पैसे को घाटी भेजा गया. इससे पहले अब्दुल हामिद नाम के आतंकी को भी 10 लाख रुपये भेजे गए थे. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अब्दुल को गिरफ्तार कर लिया है.
हवाला नेटवर्क खत्म करने पर जोर
वैसे यहां ये जानना जरूरी हो जाता है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को कम करने के लिए अब सिर्फ आतंकियों का सफाया नहीं किया जा रहा, बल्कि उन ऑपरेटर्स को गिरफ्तार किया जा रहा है जो उनके लिए फंड इकट्ठा करते हैं. एक्सपर्ट मानते हैं कि अगर हवाला कारोबार को ध्वस्त कर दिया गया, तो घाटी में आतंकियों तक कैश की सप्लाई रुक जाएगी और उनका हमला करना मुश्किल हो जाएगा. घाटी की वर्तमान स्थिति की बात करें तो एक बार फिर टारगेट किलिंग का दौर शुरू हो चुका है. कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाया जा रहा है, बाहर से आने वाले मजदूरों को गोली मारी जा रही है. सरकार की तरफ से सुरक्षा की गारंटी जरूर दी गई है, लेकिन जमीन पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है.

