Uncategorized

दादा ने टोका तो पोते को मारी गोली, 5 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी और उसके मददगार दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्वालियर. पड़ोसी अभिषेक शाक्य बाइक से कट्टा लहराते हुए निकला। मैंने टोका कि ऐसा मत कर, तो वह गालियां देने लगा और बोला- अभी बताता हूं। 5 मिनट बाद वह वापिस आया और पोते के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही पोता वहीं गिर गया। मैंने उसे गोद में उठाया, तो वह जिन्दा था। उसके मुंह से अंतिम शब्द निकला-हो बाबा….. और मेरी गोद में ही दम तोड़ दिया।
यह दर्द है 5 साल के मौसूम विहान उर्फ गप्पू के दादा रामेश्वर शाक्य का,जिनकी गोद में पोते ने गोली लगने के बाद दम तोड़ दिया था। रामेश्वर ने बताया कि मंगलवार की रात रिश्तेदार के यहां शादी में गये थे। बारात दरवाजे पर आने वाली थी। पोता विहान चॉकलेट और बिस्किट की जिद कर रहा था। रात को लगभग 9 बजे वह उसे दिलाने जा रहे थे। तभी पड़ोसी वहां आ गया।
क्या है मामला
मुरैना के जौरा में मंगलवार रात दादा के साथ शादी में आए 5 साल के मासूम विहान को पड़ोसी अभिषेक शाक्य (21) ने गोली मार दी थी। अस्पताल ले जाने के दौरान बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया था। सीसीटीवी कैमरे में पड़ोसी आरोपी अभिषेक कट्‌टा चलाता दिखा है। वह पिता बृजेश और दादा मुरली शाक्य के साथ फरार हो गया था। पुलिस ने गुरुवार को बिलगांव की पुलिया के हत्या के आरोपी अभिषेक शाक्य और उसके मददगार दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शहर छोड़कर भागने की तैयारी में थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अभिषेक बदमाश किस्म का लड़का है। वह दिनभर आवारा घूमता और गुंडागर्दी करता है। विहान के रिश्ते के नाना हरिसिंह (जिनकी बेटी की शादी थी) और अभिषेक के परिवार के बीच कोई बातचीत नहीं थी। शादी में अभिषेक और उसके परिवार को बुलाया भी नहीं गया था। बस टशन में उसने 5 साल के मासूम की जान ले ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *