जयारोग्य हॉस्पिटल में बिजली हुई गुल, रात भर जनरेटर पर चले ICU
ग्वालियर. शनिवार रात जेएएच के आईसीयू जनरेटर पर चले है, रात 1 बजे अचानक हुए फॉल्ट से बिजली गुल हो गई और अंधेरा पसर गया। आईसीयू के उपकरण और वेंटीलेटर जनरेटर पर चले है लेकिन मरीजों के परिजन, डॉक्टर ड्यूटी रूम व अन्य सेक्शन में बिजली न होने पर काफी परेशानी हुई है। हालांकि बिजली गुल होने से किसी की जान नहीं गई पर अंचल के सबसे बड़े अस्पताल समूह के मेडिसिन आईसीयू में इस तरह अचानक बिजली जाना और 3 घंटे के बाद आना बताते है कि बिजली व्यवस्था के क्या हाल चाल हैं।
अन्य जनरल वार्ड, डॉक्टर ड्यूटी रूम में अव्यवस्था फेल
ग्वालियर-चंबल अंचल के सबसे बड़े अस्पताल समूह JAH (जयारोग्य हॉस्पिटल) के मेडिसिन ICU में शनिवार-रविवार रात 1 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक बिजली गुल हो गई। करीब 17 से 18 मरीज उस समय भर्ती थे। हालांकि ICU के सभी उपकरण और मशीनें जनरेटर से अटैच हैं और बिजली गुल होते ही जनरेटर ऑन हो गए, लेकिन अन्य जनरल वार्ड, डॉक्टर ड्यूटी रूम में अव्यवस्था फेल गई। मरीजों के परिजन मोबाइल की टॉर्च चलाकर यहां वहां घूमते और अपने-अपने मरीजों के हाल जानते नजर आए। ICU में पदस्थ स्टाफ की माने तो जेएएच वाले फीडर पर कुछ फॉल्ट के बाद अचानक बिजली चली गई थी। जिसे सही होने में करीब 3 घंटे लगे। इसके बाद हालात सामान्य हो गए, लेकिन मरीजों के परिजन की माने तो पूरी रात बिजली ने परेशान किया। मोबाइल की रोशनी में आना जाना पड़ा। चिंता हो रही थी तो अपने पेशेंट की।
फॉल्ट के कारण बंद थी लाइट्स
इस मामले में प्रवक्ता जेएएच डॉ. बालेन शर्मा ने बताया कि रात को फॉल्ट हो गया था, जिस कारण दो से ढाई घंटे बिजली की समस्या थी, लेकिन जनरेटर पर ICU की पूरी व्यवस्थाएं चल रही थीं इसलिए कोई परेशानी नहीं हुई।

