ग्वालियर से उठा ले गयी भाजपा नेता को यूपी पुलिस, हत्या और लूट के केस में शामिल है दतिया के पिता-पुत्र

ग्वालियर. डबरा से उत्तरप्रदेश की महोबा पुलिस बीजेपी नेता सराफा कारोबारी और एक अन्य को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी है। लूट और हत्या के केस में तीनों को मंगलवार की रात को दबोचा है। उधर, पनवाडी (महोबा) में पुलिस ने इस केस से जुड़े 2 और आरोपियों को शॉर्ट एनकांउंटर में गिरफ्तार किया है। दोनों पिता-पुत्र है और दतिया के निवासी बताये जा रहे हैं।
25 जनवरी की शाम महोबा जिले के पनवाडी में सराफा व्यवसाई अजयकांत सोनी को बदमाशों ने गोली मार दी थी, 28 जनवरी को उनकी मौत हो गयी थी। बदमाश किलो सोना और 25 किलो चांदी के गहनों से भरे 2 बैग और ढाई लाख नगद रूपये लेकर फरार हो गये थे। गहनों की कीमत लगभग 3.25 लाख रूपये बताई जा रही है।
यूपी पुलिस ने 4 दिन पूर्व 3 आरोपी सईद, उसके पिता हमीद (मुख्य आरोपी) और आनंद प्रजापति को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि लूटे गये जेबर डबरा में सराफा कारोबारी को बेचे हैं। उसके साथ 2 और साथी भी थे। इसके बाद महोबा पुलिस डबरा से सराफा व्यवसाई रवि सोनी, भाजपा नेता याकूब खान और बल्ली खान को साथ ले गयी। याकूब बैंड और डीजे संचालक भी है। महोबा पुलिस ने डबरा पुलिस को भी अधिक डिटेल नहीं दी। डबरा पुलिस का कहना है कि महोबा पुलिस किसी लूट के संबंध में पड़ताल करने आयी थी। यहां से 3 लोगों को पूछताछ के लिये अपने साथ ले गयी है।
मुख्य आरोपी के रिश्तेदार हैं दतिया के पिता – पुत्र
महोबा पुलिस ने पनवाड़ी में मुठभेड़ के बाद नईम और शकूर को मंगलवार रात पकड़ा है। दोनों पिता – पुत्र हैं। इनको पैर में गोली लगने पर महोबा के जिला अस्पताल लाया गया। घटना का मुख्य आरोपी हमीद और उसका बेटा सईद, सराफा व्यापारी अजयकांत सोनी की दुकान के पास ही चूड़ी – कंगन बेचने का काम करते थे। जल्द अमीर बनने की चाह में इन्होंने अपने दतिया के रिश्तेदार नईम, शकूर और आनंद प्रजापति व मनमोहन पाल को साथ लिया। मनमोहन अभी भी फरार है।

