ग्वालियर व्यापार मेला में 2 दिन में बिकीं 565 कार
ग्वालियर. मेला के औपचारिक उद्घाटन के बाद मेला के ऑटोमोबाइल सेक्टर में बूम देखने को मिल रहा है। दो दिन में यहां 565 कार अभी तक बिक चुकी हैं। पहले दिन रविवार को 10 घंटे में ही 305 कार बिकीं थीं। सोमवार को 260 कार व 70 दोपहिया वाहन बिके हैं। साल 2021 से करीब कई गुना ज्यादा है। यदि ऐसा चला तो मेला समाप्त होते-होते अभी की कार खरीदी के सभी रिकॉर्ड यह मेला ध्वस्त करेगा। मेला में रोड टैक्स पर 50 प्रतिशत की छूट है यही कारण यहां कार व अन्य वाहन खरीदने खरीदारों का सैलाव उमड़ रहा है। अभी तक पूरे वाहनों के शोरूम तक नहीं पहुंचे हैं और बिक्री रिकॉर्ड तोड़ने लगी है। मेला से वाहन खरीदने पर 10 लाख रुपए की गाड़ी पर लगभग 70 से 80 हजार रुपए का फायदा रोड टैक्स पर होगा। यह अपने आप में किसी भी ऑफर व छूट से बहुत ज्यादा है।
10 लाख की कार पर 75 हजार रुपए का फायदा
ग्वालियर व्यापार मेला को ऐसे ही मध्य प्रदेश और देश के बड़े मेलों में नहीं गिना जाता है। यहां करोड़ों का कारोबार होता है। मेला की जान यहां लगने वाला ऑटोमोबाइल सेक्टर होता है। यह अपने आप में काफी खास हाेता है। एक तो यहां कंपनी की ओर से कार की सभी रेंज देखने को मिली हैं और दूसरा मेला मंे सरकार की ओर से आरटीओ मतलब रोड टैक्स में करीब 50 प्रतिशत की छूट मिलती है। जिससे 1 लाख रुपए की गाड़ी पर 7 से साढ़े सात हजार और दस लाख की कार पर 70 से 75 हजार रुपए का फायदा होता है। दो साल पहले मेले में जब वाहनों की बिक्री शुरू हुई थी। तब पहले दिन सिर्फ 30 वाहनों का सत्यापन RTO कार्यालय में हुआ था, लेकिन इस बार 7 जनवरी शनिवार को उद्घाटन होते ही रविवार को 10 गुना ज्यादा वाहनों का सत्यापन हुआ है। कारोबारियों के अनुसार पहले दिन ऑटोमोबाइल सेक्टर गुलजार रहा, इससे उम्मीद है कि आगे भी बिक्री बंपर होगी। जिन वाहनों का सत्यापन मेले में बने RTO कार्यालय में हुआ है, उन्हें अब रोड टैक्स में 50 फीसदी छूट का लाभ मिलेगा।
ग्वालियर के मेले से बढ़ जाता है प्रदेश में व्यापार
व्यापारिक दृष्टिकोण से ग्वालियर व्यापार मेला काफी महात्वपूर्ण है। खरीदार और व्यापारियों के लिए शुरू किए आफर पूरे मप्र में लागू हो जाते हैं। अगर व्यापार मेले के आटोमोबाइल सेक्टर में सजे किसी कंपनी के शोरूम पर डिस्काउंट दिया जा रहा है तो वह आफर प्रदेश के हर शोरूम पर शुरू किया जाता है। इतना ही यहां लगने वाली प्रदर्शनी में सरकार की योजनाएं भी सामने आती हैं। इसका फायदा अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों को मिलता है। वे योजनाओं को जान पाते हैं और फिर फायदा भी लेते हैं।

