ग्वालियर में हाईकोर्ट के आदेश पर एक्शन, 100 करोड़ की जमीन नगर निगम ने कराई मुक्त, मदाखलत का दफ्तर बनाया
ग्वालियर. नगर निगम ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद एक्शन लेते हुए सिरोल क्षेत्र के हुरावली में 100 करोड़ से ज्यादा कीमत की सरकारी जमीन को मुक्त कराया है। जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने वाले लोगों पर कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलाकर मुक्त कराया गया है। कब्जा लेने के बाद नगर निगम ने इस सरकारी जमीन पर नगर निगम का मदाखलत का दफ्तर शुरू कर दिया गया है।
यह था पूरा मामला
बता दें कि ग्वालियर के हुरावली इलाके में स्थित 100 करोड़ रुपए कीमत की करीब 23 वीघा से ज्यादा सरकारी जमीन पर कुछ लोगो द्वारा अवैध कब्जा कर नर्सरी बनाकर उपयोग किया जा रहा है। इस जमीन को लेकर हाईकोर्ट में कब्जा धारी और प्रशासन के बीच केश चल रहा था। कोर्ट में लंबी सुनवाई के बाद 9 दिसम्बर शुक्रवार को हाईकोर्ट ने दस्तावेजों के आधार पर इस जमीन को सरकारी घोषित कर दिया है। साथ ही प्रशासन को इस पर तत्काल कब्जा लेने का आदेश भी दिया। हाई कोर्ट से आदेश मिलते ही शनिवार को नगर निगम का अमला जमीन पर कब्जा लेने के लिए जा पहुंचा और निगम के अमले ने 23 बीघा सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलाकर सारा अवैध अतिक्रमण हटाकर नगर निगम की जमीन अपने कब्जे में ले ली।
निगम ने बनाया मदाखलत का दफ्तर
ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर किशोर कन्याल ने बताया कि ये 100 करोड रुपए से ज्यादा कीमत की सरकारी जमीन है। इस पर कब्जा लेकर नगर निगम का मदाखलत का दफ्तर शुरू कर दिया गया है। सरकार की योजनाओं के लिए इस जमीन का उपयोग किया जाएगा, वहीं पूर्व में इस जमीन पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का प्लान था उस पर भी मंथन किया जाएगा।

