ग्वालियर में सुबह से झमाझम, चंबल संभाग के नजदीक से गुजर रही ट्रफ लाइन करा रही बारिश
ग्वालियर. ग्वालियर में बुधवार सुबह से झमाझम बारिश का दौर जारी है। सुबह-सुबह शुरू हुई बारिश करीब एक घंटे तक चली। इसके बाद रिमझिम बारिश में बदल गई है। बीते दो दिन से बादलों ने बरसकर शहर को गर्मी से राहत दी है। दिन और रात का तापमान में ज्यादा अंतर नहीं रह गया है। दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है तो रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। दो दिन से झमाझम बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया है और उमस भरी गर्मी से शहर के लोगों को राहत मिली है। मौसम के जानकारों की माने तो इस समय ग्वालियर-चंबल संभाग और बुंदेलखंड के नजदीक से ट्रफ लाइन गुजरने पर यह बारिश हो रही है। मौसम के जानकारों का कहना है कि 24 घंटे यही हाल रहने वाला है।
मानसुन के आखिर में ग्वालियर-चंबल संभाग के शहर ग्वालियर, भिंड-मुरैना में मौसम मेहरबान हो रहा है। मंगलवार को सुबह फिर दोपहर में बारिश हुई थी। हालांकि मौसम विभाग के रिकॉर्ड में सिर्फ 4.1 MM बारिश दर्ज हुई थी, लेकिन उससे शहर का मौसम सुहाना हो गया था। बुधवार सुबह जब लोगों की नींद खुली तो तेज बारिश हो रही थी। अचानक शुरू हुई तेज बारिश के बाद फिर रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। बदले मौसम का लुफ्त लेने के लिए शहर के लोग सड़कों पर निकल आए।
मौसम के जानकारों का कहना
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह का कहना है कि अगले दो दिन बारिश की उम्मीद है। क्योंकि दक्षिण उप्र के ऊपर से ट्रफ लाइन गुजर रही है, जो ग्वालियर-चंबल संभाग और बुंदेलखंड के नजदीक है। इस कारण दो दिन बारिश होगी। कम दबाब का क्षेत्र ओडिशा से छत्तीसगढ़ की तरफ बड़ रहा है।

