ग्वालियर कलेक्टर से अभद्रता करने वाला नेता विक्कू राजावत की तलाश में पुलिस ने 8 जगह दी दबिश
ग्वालियर. ग्वालियर में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह से अभद्रता करने और उनको ए कलेक्टर कहकर चेतावनी देने और गनर की पिस्टल छीनने का प्रयास करने वाला भाजयुमो नेता गायब हो गया है। सिंधिया समर्थक विक्कू राजावत की तलाश में पुलिस की टीमों ने 8 से 10 स्थानों पर दबिश दी है। फिलहाल वह पुलिस के हाथ नहीं आया है। पुलिस उसकी तलाश में उसके नाते-रिश्तेदारों व दोस्तों तक के दरवाजे खटखटा रही है। ऐसा भी माना जा रहा है कि कलेक्टर से अभद्रता मामले में नेताओं ने भी उसके ऊपर से हाथ हटा लिया है। कलेक्टर से अभद्रता की घटना 15 सितंबर की है। इस मामले में 18 सितंबर को मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में घटनाक्रम का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मामला दर्ज होते ही हुआ फरार
भाजयुमो नेता विक्कू राजावत के खिलाफ मामला दर्ज होते ही वह समझ गया कि इस बार उससे गलती हो गई है। वह घटना के बाद से ही फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, लेकिन वह नहीं मिल रहा है। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों और दोस्तों पर भी नजर रखना शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर में 8 से 10 स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन भाजयुमो नेता हाथ नहीं आया है।
साथियों की पहचान के प्रयास
घटना के समय भाजयुमो नेता विक्कू राजावत के साथ कौन-कौन था, जिन्होंने अभद्रता व गनर से मारपीट कर पिस्टल छीनने का प्रयास किया था। इनकी पहचान के लिए पुलिस VIDEO व फोटो कलेक्ट कर रही है। जिससे उनकी भी पहचान हो सके और पुलिस उनके भी नाम FIR में शामिल कर सके।
पुलिस का कहना
इस मामले में पुलिस अफसरों का कहना है कि गनर से पिस्टल छीनने का प्रयास करने वाले आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।

