ग्वालियर में सचिन तेंदुलकर मार्ग का कायाकल्प अब स्मार्ट सिटी नहीं, PWD करेगा
ग्वालियर. जीर्णशीर्ण ढाई किलोमीटर लंबे सचिन तेंदुलकर मार्ग की सड़क का निर्माण अब स्मार्ट सिटी के बजाय लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। जहां ढलान है, वहां जलभराव की समस्या से बचाव के लिए सीसी रोड बनाई जाएगी। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को मार्ग का निरीक्षण कर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की
निरीक्षण के दौरान सांसद ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री देवेंद्र सिंह भदौरिया, एसडीओ एवं उपयंत्री के साथ सड़क की वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने डीपीआर बनाकर शीघ्र टेंडर कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क का निर्माण जल्द शुरू हो सके। सांसद ने बताया कि स्मार्ट सिटी द्वारा इस सड़क की डीपीआर सही नहीं बनाई गई थी, जिसे रद कर अब यह कार्य स्मार्ट सिटी के स्थान पर लोक निर्माण विभाग से कराने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि पूर्व में दिशा की बैठक में सांसद ने स्मार्ट सिटी की डीपीआर को सही नहीं पाया था।
अधिकारियों को दिए निर्देश
सांसद ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ कुलगुरु बंगले से हुरावली चौराहा तक स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को मार्ग के समुचित निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, जिससे अतिशीघ्र सड़क निर्माण के लिए टेंडर हो सकें। मार्ग निर्माण के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सड़क की मजबूती एवं यातायात को सुचारू रखने के लिए आवश्यक तकनीकी प्रविधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

