ग्वालियर में वर्षा के बाद 450 फाल्ट, रात तक पाश क्षेत्र में रहा अंधेरा
ग्वालियर. मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के मेंटेनेंस कार्य की मंगलवार को बारिश ने पोल खोल दी। हालत यह थी कि बारिश के दौरान बिजली कंपनी ने सप्लाई बंद कर दी, जिससे फाल्ट न आ जाए। शाम को बारिश बंद होने के बाद भी बिजली नहीं आई तो लोगों की परेशानी बढ़ गई। शहर में बारिश के साथ मानो बिजली के फाल्ट बरस पड़े। रात तक लोग बिजली कंपनी को फोन लगाते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हकीकत यह थी कि बिजली कंपनी के स्टाफ को फाल्ट ही नहीं मिल रहे थे तो सही क्या करते।
रोजाना आने वाले फाल्ट की तुलना में मंगलवार को फाल्ट का आंकड़ा दोगुने से भी ज्यादा 450 पर पहुंच गया। वहीं अनुपम नगर क्षेत्र में 17 घंटे बिजली फाल्ट होने के मामले में जीएम नितिन मांगलिक ने एई अतुल रस्तोगी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। बिजली कंपनी क्या प्री और क्या पोस्ट मानसून मेंटेनेंस करती है, इसका पूरा खुलासा मंगलवार को हो गया। शहर के पाश इलाके जहां बिजली कंपनी बेहतर सप्लाई का दावा करती है वे तक रात 11-11 बजे तक बिजली के फाल्ट झेलते रहे। जिन इलाकों में बारिश के चलते सप्लाई बंद की गई थी, वहीं सबसे ज्यादा परेशान हुए। सिटी सेंटर, अनुपम नगर, सिरोल, सचिन तेंदुलकर मार्ग, गोविंदपुरी रोड, बहोड़ापुर, डीआरपी लाइन के पास, श्री विहार कालोनी, लश्कर के बाजार के क्षेत्र सहित मुरार-थाटीपुर और उपनगर ग्वालियर के हिस्सों में बिजली फाल्ट ने परेशान किया।

