ग्वालियर में रेलवे की सुस्ती के कारण विवेकानंद नीड्म रेलवे ओवर ब्रिज का कार्य अटका हुआ
ग्वालियर. रेलवे की सुस्ती के कारण विवेकानंद नीडम रेलवे ओवर ब्रिज का कार्य अटका हुआ है। पीडब्ल्यूडी नीडम आरओबी का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर चुका है लेकिन अभी तक रेलवे ने इस कार्य में कछुआ चाल अपना रखी है इसके कारण यह प्रोजेक्ट लगातार लेट होता जा रहा है। वहीं शहर को नया बायपास नहीं मिल पा रहा है। इस आरओबी के बनने के बाद शहर की 20 प्रतिशत आबादी को मुरैना-झांसी जाने के लिए नया बायपास मिल जाएगा।
विवेकानंद नीडम आरओबी का कार्य 2016 में शुरू किया गया था। इस कार्य को 2019 में पीडब्ल्यूडी और रेलवे को समाप्त करना था। पीडब्ल्यूडी ने 2019 में करीब 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया था, लेकिन रेलवे 2020 तक इस कार्य का टेंडर तक जारी नहीं कर पाई थी। आरओबी के नहीं बनने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि आरओबी का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से यहां से गुजरने वाला मार्ग बेहद संकरा हो गया है। साथ ही आरओबी के आसपास की कालोनियों की धूल मिट्टी, खराब सड़क के कारण हालत खराब है।

