ग्वालियर में रेत के घाटों पर लगातार दो दिनों से कार्रवाईयों का दौर जारी, अवैध नाकों में लगाई आग
ग्वालियर. रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन अब सख्त हो गया है। लगातार दो दिनों से कार्रवाईयों का दौर जारी है। भितरवार प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए रेत खनन करने वाली पनडुब्बियों को जब्त किया था। अब शुक्रवार को डबरा में रेत कंपनी के नाम पर काम कर रहे नाकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिन जगहों पर अवैध नाके लगे थे, उनमें आग लगा दी। एसडीएम प्रदीप शर्मा की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। डबरा के चांदपुर और रायपुर पर लगे अवैध नाकों को उखाड़ा और जला दिया गया है। प्रशासन की कार्रवाई देख ठेकेदार के लोग मौके से भाग गए।
ग्वालियर जिले में रेत का ठेका एमपी सेल्स के पास है। इधर कंपनी के पार्टनरों में अंदरूनी विवाद से जुड़ी खबरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल होती रही हैं। कंपनी को करीब 6 करोड़ रुपये शासन को चुकाने हैं, लेकिन इसे भरा नहीं जा रहा है। इधर रेत ठेकेदार अपनी मर्जी से बिना रायल्टी के गेट पास बनाकर डंपरों और ट्रैक्टर ट्रालियां निकाल रहे हैं। आपको बता दें कि अनुभाग के चांदपुर रायपुर लिधौरा, सिली सिलेटा, बाबूपुर सेमरी आदि घाटों से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन जारी है। सिंध नदी के घाटों पर अगर अवैध उत्खनन रोकना है तो प्रशासन को घाटों पर कार्रवाही करनी होगी, वरना रेत का अवैध कारोबार और परिवहन ऐसे ही जारी रहेगा। कार्रवाई को लेकर एसडीएम प्रदीप शर्मा का कहना है कि घाटों पर लगे अवैध नाकों को हटाने की कार्रवाई की गई है, अभी अन्य जगहों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

