ग्वालियर में रात भर किशोर को जंगल में ढूंढती रही पुलिस, सीमा सुरक्षा बल का स्निफर डाग भी मंगाया
ग्वालियर. हजीरा इलाके में 20 वर्षीय छात्र की खुदकुशी के बाद सुसाइड नोट में जिस किशोर का जिक्र है, उसकी तलाश रात भर पुलिस करती रही। 5 मील के आसपास से लेकर शर्मा फार्म हाउस तक जंगल में पुलिस ने किशोर को ढूंढा। सीमा सुरक्षा बल का रिकॉर्ड भी मंगवाया, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं लगा है। सुबह से फिर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। हजीरा के अलावा दो और थानों की टीम सर्चिंग में लगाई गई है।
दरअसल हजीरा स्थित कांच में इलाके का रहने वाला 20 वर्षीय युवक मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स कर रहा था। मंगलवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, जब पुलिस ने उसके कमरे की तलाशी ली तो 4 पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड नोट में जिक्र था कि वह अपने से उम्र में 4 साल छोटे किशोर की प्रताड़ना से तंग आकर पहले उसे मार रहा है और फिर खुद मर रहा है। यह सुसाइड नोट में पढ़ते ही पुलिस अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए। पुलिस अधिकारियों ने आनन-फानन में किशोर के घर संपर्क किया तब पता लगा कि मंगलवार से वह भी लापता है। सुसाइड नोट में उसने लिखा था कि किशोर उसका 4 साल से सेक्सुअली असाल्ट कर रहा था, उसे ब्लैकमेल करता था उससे करीब 300000 के गिफ्ट ले चुका था। इसके बाद भी उसके साथ गलत हरकत करना नहीं छोड़ी। जब वो मना करता था तो उसके साथ मारपीट करता था। घर वालों को जब इस बारे में पता लगा तो घरवाले उसी को गलत समझने लगे, क्योंकि जो किशोर हरकत करता था वह उसे उम्र में 4 साल छोटा था। सुसाइड नोट में उसने किशोर द्वारा की गई प्रताड़ना के बारे में दिल दहलाने वाली कहानियां उजागर की है। लेकिन इस सुसाइड नोट से पुलिस को शक है कि उसने किशोर को मार दिया है। इसके चलते किशोर की तलाश शुरू की, उसके बारे में फ़िलहाल कोई सुराग नहीं लग पाया है। उसकी साइकिल जरूर कांच में स्थित सूखे कुएं में पड़ी मिली। जब रात तक उसका सुराग नहीं मिला तो सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर अकादमी से स्नीफर डॉग मंगवाया गया, जिसे जंगल में किशोर की सर्चिंग में लगाया गया। नगर पुलिस अधीक्षक महाराजपुरा का कहना है कि उसे ढूंढने के लिए छह टीम लगाई हैं।

