ग्वालियर में रक्षाबंधन पर ड्यूटी के साथ निभाया फर्ज, ड्यूटी के कारण पुलिस जवान घर नहीं जा पाए तो महिला कॉन्स्टेबल ने सभी पुलिस जवान को राखी बांधी
ग्वालियर. रक्षाबंधन तो त्योहार ही भाई-बहन के प्यार का प्रतीक है ऐसा ही कुछ रविवार दोपहर हजीरा थाने में देखने को मिला। लोग त्योहार खुशी-खुशी मना सकें, इसलिए थाने का स्टाफ सुबह 7 बजे से ड्यूटी पर था। पुलिस जवान और अफसर अपनी बहनों के घर तक नहीं जा सके थे। थाने में सिर्फ एक महिला आरक्षक सपना चौहान थीं। वह भी भाई की कलाई पर राखी नहीं बांध सकी थी। फिर क्या इसके बाद पुलिस कर्मियों ने ऐसी मिशाल पेश की, जो सभी को याद रहेगी। महिला कॉन्स्टेबल बाजार गई। सभी पुलिसकर्मी भाइयों के लिए मिठाई और राखियां लेकर आई। इसके बाद थाने के पुलिस जवानों और अफसरों को राखी बांधी, जिससे उनकी कलाई सूनी न रहें। सपना ने त्योहार पर थाने आकर ड्यूटी निभाई और पुलिस जवानों की सूनी कलाई पर राखी बांधकर फर्ज भी पूरा किया।

एएसआई चौहान से की टीका की शुरूआत
महिला कॉन्स्टैबल सपना चौहान ने हजीरा थाने के एएसआई शैलेन्द्र सिंह चौहान के सूने माथे पर टीका किया। सूनी कलाई पर राखी बांधकर उदासी को दूर किया इसके बाद तो इस बहन के सामने पुलिसकर्मी भाइयों ने अपनी-अपनी कलाइयां रख दी, सपना ने सभी को राखी बांधी।
यह रक्षाबंधन याद रहेगा
एएसआई चौहान ने बताया कि यह रक्षाबंधन जिंदगीभर याद रहेगा। लग रहा था कि इस बार कलाई कहीं सूनी न रह जाए लेकिन मेरी महिला आरक्षक बहन ने इस त्योहार पर कलाई सूनीं नहीं रहने दी, बहुत अच्छा लग रहा है साथ ही खुशी भी हो रही है।

